
जोधपुर. नांदड़ा रोड पर अरिहंत नगर स्थित सूने मकान में गत दिनों चोरी के मामले में बनाड़ थाना पुलिस ने पहले तो एफआईआर दर्ज करने में कोताही बरती। फिर पीडि़त जब खुद एक संदिग्ध को पकडकऱ थाने लाया और कार्रवाई का आग्रह किया तो पुलिस उलटा उसे ही गिरफ्तार करने को धमकाने लगी। पीडि़त का कहना है कि संदिग्ध ने पुलिस के समक्ष दो साथियों संग चोरी में लिप्त था और उसने यह स्वीकार भी किया है, लेकिन पुलिस उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उधर, पुलिस का कहना है कि वारदात में वह शामिल नहीं था।
मूलत: बांवरला हाल अरिहंत नगर निवासी दिनेश भादू ने बताया कि गत ग्यारह सितम्बर की रात वह और पत्नी गांव गए थे। पीछे मकान में कोई नहीं था। गत तेरह सितम्बर को वो लौटे तो मकान के ताले व कुंदे टूटे हुए थे। चोरों ने अलमारी के ताले व लॉकर तोडकऱ सोने की तीन अंगूठी, 54 हजार रुपए और कुछ अन्य सामान चुरा लिया था। गणेश महोत्सव में व्यस्त पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज करने की बजाय दूसरे दिन मामला दर्ज किया था। पीडि़त का आरोप है कि जब उसने कार्रवाई का आग्रह किया तो पुलिस ने खुद चोर को पकडकऱ लाने की सलाह दे डाली। संदेह के आधार पर उसने अपने स्तर पर पता करके एक श्रमिक को पकड़ा और थाने ले जाकर पुलिस को सुपुर्द किया।
मकान मालिक का है ये कहना
मकान मालिक का कहना है कि उसने कुछ दिन पहले मकान में कुछ काम कराया था। संदिग्ध व्यक्ति ने मजदूरी की थी, लेकिन उसने राशि नहीं ली थी। इस दौरान उसे पता लग गया था कि पत्नी के साथ गांव जाएगा। गांव के लिए निकलते हुए उसने देख भी लिया था। इसके बाद ही चोरी हुई थी।
स्वीकारोक्ति का वीडियो बनाया, पुलिस ने डिलीट किया
दिनेश का दावा है कि पुलिस के समक्ष पूछताछ में उसने दो अन्य व्यक्तियों के साथ वारदात में लिप्त व चोरी के दौरान घर के बाहर खड़े होना स्वीकार किया था। इस स्वीकारोक्ति की उसने मोबाइल से रिकॉर्डिंग भी की थी, लेकिन पुलिस ने डिलीट कर दिया था।
दो पर संदेह जताया था, पूछताछ कर तस्दीक कर ली
थानाधिकारी न्याज मोहम्मद का कहना है कि मकान मालिक ने श्रमिकों व एक-दो अन्य पर संदेह जताया था। एक मजदूर को पकड़ा भी था, लेकिन वो मानसिक बीमार है। उससे पूछताछ व जांच में तस्दीक कर ली, लेकिन वो चोरी में शामिल नहीं था। उसने एक व्यक्ति के बारे में जानकारी दी है। जिसके बारे में पता लगाया जा रहा है। मकान मालिक को गिरफ्तार करने का नहीं कहा गया। उसे क्यों गिरफ्तार करेंगे।