जोधपुर

बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने खंगाले झुग्गी-झोंपड़े और डेरे, 26 गिरफ्तार, एक कार व छह मोटरसाइकिल जब्त

लूटपाट और नकबजनी करने वाले बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिमी जिले में कई जगह झुग्गी-झोंपड़ी व डेरों की तलाशी ली और संदिग्ध हालात व शांति भंग में 26 जनों को गिरफ्तार कर सात वाहन जब्त किए गए।
less than 1 minute read
jodhpur police search operation against criminals
बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने खंगाले झुग्गी-झोंपड़े और डेरे, 26 गिरफ्तार, एक कार व छह मोटरसाइकिल जब्त

जोधपुर. लूटपाट और नकबजनी करने वाले बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिमी जिले में कई जगह झुग्गी-झोंपड़ी व डेरों की तलाशी ली और संदिग्ध हालात व शांति भंग में 26 जनों को गिरफ्तार कर सात वाहन जब्त किए गए। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रीति चन्द्रा के अनुसार सुबह छह बजे पुलिस स्टेशन कुड़ी भगतासनी, देवनगर, बोरानाडा, बासनी और राजीव गांधी नगर की ओर से आकस्मिक जांच की गई।

पुलिस ने झुग्गी झोंपड़ी में रहने वालों के नाम-पते नोट कर तलाशी ली और वाहनों के दस्तावेज चेक किए गए। कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस ने डेरों के अलावा बहुमंजिला इमारत परिसर में भी जांच की। संदिग्ध हालात व पुलिस कार्रवाई का विरोध करने पर 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया। आठ मोटरसाइकिलों के चालान बनाए गए। कागजात के अभाव में दो वाहन डिटेन किए गए हैं।

देवनगर थाना पुलिस ने पाल लिंक रोड के पास स्थित राजीव गांधी कॉलोनी में संदिग्धों व बदमाशों के ठिकानों की जांच की। कॉलोनी निवासी असलम उर्फ सुल्तान व शोएब को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया। बोरानाडा थाना पुलिस ने डीपीएस के पास, पाल गांव के बस स्टैण्ड के पास, बोरानाडा में रूट संख्या-23 बस स्टैण्ड के पास डेरों की तलाशी ली। सात संदिग्धों को गिरफ्तार कर पाबंद कराया गया।

चार मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। इसी प्रकार राजीव गांधी नगर थाना पुलिस ने बहुमंजिला इमारत में जांच की। बिना नम्बर व कागजात के अभाव में एक लग्जरी कार जब्त की गई। साथ ही बदमाशों के ठिकानें भी चेक किए गए। बासनी थाना पुलिस ने एम्स के सामने, डर्बी कॉलोनी, सांगरिया में भोमियाजी कॉलोनी में जांच की, लेकिन वहां से कोई संदिग्ध व्यक्ति या सामग्री नहीं मिली।

Published on:
04 Nov 2019 12:29 pm