जोधपुर

छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में खुलासा, 10 साल में पूरी की थी MBBS की डिग्री, डिप्रेशन की खा रही थी दवाई

MBBS Student Death: एमबीबीएस छात्रा की मौत मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, छात्रा को अपनी एमबीबीएस डिग्री पूरी करने में करीब 10 साल लगे, ऐसे में वह मानसिक तनाव से गुजर रही थी।

less than 1 minute read
May 29, 2025
राजस्थान पुलिस (फोटो पत्रिका नेटवर्क)

Suspicious Death of MBBS Student: जोधपुर में मथुरादास माथुर अस्पताल परिसर के गर्ल्स हॉस्टल के कमरे में एमबीबीएस छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत का कारण पोस्टमॉर्टम से भी स्पष्ट नहीं हो पाया। चिकित्सकों ने विसरा प्रिजर्व किए हैं। जो जांच के लिए एफएसएल भेजे जाएंगे। इसके बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की है।


थानाधिकारी जुल्फिकार अली ने बताया कि सवाई माधोपुर जिले में राजनगर निवासी डॉ. कविता वर्मा (31) का शव मंगलवार रात एमडीएम अस्पताल परिसर में गर्ल्स हॉस्टल के एक कमरे में मिला था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।

पुलिस का कहना है कि साल 2014-15 बैच की एमबीबीएस छात्रा थी। हाल ही में उसकी एमबीबीएस पूरी हुई थी। उसके दूसरे सहपाठी डॉक्टर प्रैक्टिस और पीजी कर रहे हैं। गत मार्च महीने में उसने इंटर्नशिप पूरी की थी।


दो दिन बाद तरल पदार्थ कमरे से निकला तो पता लगा


डॉ. कविता रविवार के बाद से कमरे से बाहर नहीं आई थी। इसके बावजूद आसपास के कमरों में रहने वाली छात्राएं अनभिज्ञ ही थी। मंगलवार रात कमरे के दरवाजे के नीचे से तरल पदार्थ बाहर आया तो दुर्गंध फैली थी। तब सभी को अंदेशा हुआ था। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया तो पलंग पर डॉ. कविता का शव मिला था।


डिप्रेशन में थी छात्रा, चल रहा था इलाज


दस साल में एमबीबीएस पूर्ण करने से संभवत: वह डिप्रेशन में थी। इसका इलाज भी चल रहा था। बीमारी या दवाई की ओवरडोज से भी मृत्यु हो सकती है। पुलिस ने आत्महत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया है।

Updated on:
29 May 2025 12:35 pm
Published on:
29 May 2025 12:30 pm
Also Read
View All

अगली खबर