जोधपुर

जोधपुर : सड़क की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त, कभी भी हो सकता है हादसा

- कायलाना रोड की दीवार कई जगह से टूटी
2 min read
• •
Updated: 10 Mar 2018, 10:42 PM IST
Jodhpur: Road safety wall damaged, can occur at any time accident
जोधपुर : सड़क की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त, कभी भी हो सकता है हादसा



चौपासनी (जोधपुर). कायलाना चौराहे से चौपासनी रोड स्थित सिद्धनाथ तिराहे की ओर जाने वाली रोड की सुरक्षा दीवार जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके कारण यहां से निकलने वाले वाहन चालकों के लिए खतरा बना रहता है। कायलाना झील किनारे मोड़ पर यह दीवार क्षतिग्रस्त होने से वाहन चालकों के लिए और भी खतरनाक है। यह दीवार पिछले कुछ समय से क्षतिग्रस्त है लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। वहीं सिद्धनाथ की पहाड़ी के पास मोड़ पर भी यह दीवार क्षतिग्रस्त हो रखी है। पहाड़ी की ढलान व मोड़ के कारण यह क्षतिग्रस्त दीवार और भी खतरनाक है। कायलाना रोड पर कुछ स्थानों पर वाहन चालकों की सुरक्षा को देखते हुए सड़क के किनारे पर पत्थर की सुरक्षा दीवार बनाई गई है। खतरे की आशंका को देखते हुए इसकी ऊंचाई कहीं दो फुट तो कहीं चार फुट के आसपास बनाई गई है। गत वर्ष सड़क की मरम्मत के बाद इसकी दीवार को भी सही किया गया था। इस दौरान विभिन्न खरतनाक मोड़ों पर सड़क के घुमाव को बढ़ाने के साथ ही दीवारों की ऊंचाई भी बढ़ाई गई थी।

ढलान व मोड़ पर रहता है खतरा
यह सड़क चौपासनी रोड को सूरसागर रोड से जोड़ती है। इस सड़क मार्ग पर माचिया सफारी पार्क, कायलाना झील, सिद्धनाथ महादेव मंदिर सहित जैसे पर्यटन स्थल है। इस सड़क पर रोजाना सैकड़ों लोग घूमने के लिए आते हंै। इसके अलावा रोजाना सुबह मॉर्निंग वॉक सहित सैन्य भर्तियों की तैयारी करने वाले युवा इसी मार्ग से निकलते हैं। इस सड़क पर कई खतरनाक मोड़ व ढलान है। कहीं कहीं मोड़ पर सड़क किनारे करीब 10 से 15 फुट तक की गहरी खाई है। मोड़ व ढलान पर दीवार के क्षतिग्रस्त होने से वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा और भी बढ़ जाता है। यदि प्रशासन की ओर से समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

Published on: