जोधपुर

Jodhpur Violence LIVE Update: 60 बाइक, स्कूटी व कार तोड़ी, 8 दुकानों पर लठ्ठ चले

- भीतरी शहर के हुड़दंग के दौरान स्थानीय निवासियों की संपत्तियों को हुआ नुकसान
less than 1 minute read
Jodhpur Violence LIVE Update: 60 बाइक, स्कूटी व कार तोड़ी, 8 दुकानों पर लठ्ठ चले
Jodhpur Violence LIVE Update: 60 बाइक, स्कूटी व कार तोड़ी, 8 दुकानों पर लठ्ठ चले

जोधपुर. ईदगाह में नमाज के बाद भीतरी शहर के कबूतरों का चौक, सुनारों का बास, बख्तावरमल जी का बाग, पुरा मौहल्ला, शनिश्चरजी का थान और जालोरी गेट क्षेत्र में उपद्रवियों ने लाखों रुपए का नुकसान कर दिया। यहां हुए उपद्रव में कुल 60 गाडियां क्षतिग्रस्त हो गई, जिसमें से करीब 20 चार पहिया वाहन है। अधिकांश दुपहिया वाहनों के हैडर तोडऩे के साथ उनकी बॉडी पर लठ्ठ मारकर क्षतिग्रस्त किया गया। करीब 15 प्रोपर्टी क्षतिग्रस्त हुई है, जिसमें 8 दुकानें और करीब 7 सीसीटीवी कैमरा है। दो एटीएम क्षतिग्रस्त हुए हैं। एयरटेल शो रुम का कांच तोड़ा गया। उपद्रवियों ने करीब एक घण्टे तक उत्पात मचाया था।

कबूतरों का चौक सहित अन्य भीतर क्षेत्र में करीब 8 दुकानों पर उपद्रवी टूटे थे। डंडों व पत्थर से इनके शटर क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ का फर्नीचर टूट गया। कुछ दुकान में सामान गायब है। कांच की भरनी जैसे अन्य सामान भी टूट गए। चाय की थड़ी को भी नुकसान हुआ है।

दो बाइक जली, पुलिस के 2 वाहन टूटे

उपद्रव के दौरान दो बाइक जलाई गई थी। कमेटी ने पीडि़त पक्षों से मुलाकात की। प्राथमिक तौर पर पुलिस के भी दो क्षतिग्रस्त वाहन मिले, जिनका आगे का शीशा टूट गया।

खुद को छिपाने के लिए 7 सीसीटीवी कैमरे तोड़े

उपद्रवियों की सुनियोजित साजिश का पता इस बात से चलता है कि कबूतरों का चौक, सुनारों का बास सहित अन्य स्थानों पर करीब 7 सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए। सीसीटीवी कैमरे ऊंचाई पर एक तरफ होते हैं, बावजूद इसके उपद्रवियों ने अपने आप को छिपाने व सबूत मिटाने के लिए कैमरों पर लठ्ठ चलाए।

Published on:
04 May 2022 06:22 pm