
अविनाश केवलिया/जोधपुर. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से बजट में ऐतिहासिक गंगलाव तालाब के सौंदर्यीकरण को लेकर की गई घोषणा को मूर्त रूप देते हुए नगर निगम ने गंगलाव तालाब के सौंदर्यीकरण का काम शुरू कर दिया है। गंगलाव तालाब के विकास कार्यों पर लगभग 6 करोड़ रुपए खर्च होंगे। नगर निगम आयुक्त सुरेश कुमार ओला ने बताया कि शहर के ऐतिहासिक गंगलाव तालाब के सौंदर्यीकरण को पुनर्जीवित करने के लिए नगर निगम की ओर से एक विस्तृत डीपीआर तैयार कर राज्य सरकार के पास भिजवाई थी।
राज्य सरकार ने इस डीपीआर को स्वीकृत किया और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने बजट भाषण में गंगलाव तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए करीब 6 करोड 3 लाख रुपए का बजट देने की घोषणा की। बजट की स्वीकृति मिलने के बाद निगम ने पहले चरण का कार्य शुरू कर दिया है। विकास कार्यों के पूरा होने के बाद गंगलाव तालाब शहरवासियों के लिए पिकनिक स्पॉट तैयार होगा।
जलकुंभी और मलबा हटेगा
गंगलाव तालाब सौंदर्यीकरण योजना के पहले चरण में वर्षों से तालाब में जमा मलबा, जलकुंभी एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाने तथा तालाब की चारदीवारी बनाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। तालाब में आसपास के घरों के सीवरेज का पानी रोकने के लिए सभी सीवरेज लाइनों को बंद किया जा रहा है। द्वितीय चरण में निगम की ओर से टॉयलेट ब्लॉक और पांच मीटर का पाथ वे बनाया जाएगा, जहां शहरवासी मॉर्निंग व इवनिंग वॉक कर सकेंगे।
निगम की ओर से चरणबद्ध तरीके से नए घाट, लोन और प्लांटेशन का कार्य, बच्चों के लिए किड्स जोन, आकर्षक फव्वारा, पार्किंग और ओपन जिम की व्यवस्था की जाएगी। तालाब के जल संरचना को भी पुनर्जीवित किया जाएगा। तालाब के पीछे एक स्मारक बनाकर महापुरुषों से जुड़ी प्रतिमा और वस्तुओं का प्रदर्शन किया जाएगा।