
जोधपुर. कहते हैं यदि इच्छाशक्ति मजबूत हौसलें बुलंद हो तो दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं। चाहे परिस्थितियां कोरोनाकाल जैसी विपरीत ही क्यों ना हो। कुछ इसी तरह की परिर्वतनकारी सोच रखने वाले सूर्यनगरी जोधपुर के एक युवा बागवान ललित देवड़ा ने अथक मेहनत के बल पर आइआइटी कैंपस में कुछ ऐसा ही अकल्पनीय कार्य कर दिखाया है। पथरीली, बंजर जमीन के साथ-साथ अंग्रेजी बबूल से आच्छादित नागौर रोड स्थित आइआइटी कैंपस को ललित की दूरगामी सोच और मेहनत ने मधुवन की तरह महका दिया। मार्च 2019 में परिसर में दूर-दूर तक एक ऐसा पेड़ भी नहीं था जिसकी छाया में पलभर बैठकर भी आराम किया जा सके। परिसर की मरुस्थलीय मिट्टी और खारा पानी होने से कुछ भी उगना लगभग असंभव था। पथरीली बंजर जमीन पर केवल कंटीली झाडिय़ा ही उग सकती थी। ऐसे विषम भौगोलिक स्थल पर ठीक एक साल पहले जून 2019 में आइआइटी प्रशासन की ओर से परिसर को हरा भरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। ललित ने अपनी टीम के साथ मिलकर डिजाइनिंग बनाकर योजनाबद्ध तरीके से दिन रात अथक परिश्रम के साथ जुटे रहे। देखते ही देखते परिणाम के रूप में कैंपस की कायापलट कर दी। विभिन्न प्रजातियों के फ लदार और छायादार पौधों के साथ परिसर को हरियाली से आच्छादित कर दिया। वीरान सा विश्वस्तरीय कैंपस अपनी आभा के साथ खिल उठा। बागवानी के क्षेत्र में नवाचार के लिए कई पुरस्कार प्राप्त कर चुके ललित का मानना हैं कि जब भी हम कोई काम को पूरी शिद्दत से करते हैं तो असम्भव को भी सम्भव बना सकते हैं। पूणे महाराष्ट्र में आइआइइ बीएम कॉलेज से मार्केटिंग व फ ाइनेंस में एमबीए की डिग्री प्राप्त ललित को मल्टीनेशनल कम्पनियों से जॉब के कई ऑफ र मिले, परन्तु उन्होंने किसान उद्यमी बनने का रास्ता चुना।
कोरोना, लॉकडाउन और गर्मी रही चैलेंजिंग
ललित ने पत्रिका को बताया कि मार्च में लॉकडाउन की घोषणा होते ही पूरी मेहनत पर जैसे एक बार पानी फिरने सा महसूस हुआ। अप्रेल मई जून में कोरोना संक्रमण का भय और लॉकडाउन के बीच भीषण गर्मी में रोजाना कैंपस पहुंचना और विशाल परिसर में लगे पेड़ पौधों को श्रमिकों के सहयोग से नियमित पानी पिलाना, घास कटिंग करवाना और पौधों की देखभाल आदि कार्य काफी चैलेंजिंग रहे।
आइआइटी में लगाए पौधों की फेक्ट फाइल
अमलतास-50,कचनार-- 20,बादाम--- 50,कोनोकारप्स- 100,टर्मिनेलिया मेटालिका- 200,तरब पौधे- 25 हजार, हैज पौधे - 30हजार, सजावटी पौधे- 5 हजार, ग्रास- 10 हजार वर्गमीटर