
जोधपुर जोधपुर ( jodhpur news. current news ) . शिकारगढ़ स्थित विद्याश्रम इंटरनेशनल स्कूल में मंगलवार से डेजर्ट लीफ फाउंडेशन व विद्याश्रम के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय किताबो- ब्लूसिटी चिल्ड्रन लिटरेचर फेस्ट ( children literature festival kitaabo ) का आयोजन किया जाएगा। यह अब तक का चौथा संस्करण हैं। फेस्टिवल का शुभारंभ सुबह 9 बजे किया जाएगा। उद्घाटन सत्र में पूर्व सांसद गजसिंह मुख्य अतिथि होंगे। इसके अलावा राजीव चन्द्रन, शोभा विश्वनाथ व कथावाचिका जीवा रघुनाथ उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र मुम्बई के सपन सारण निर्देशित नाटक झूम-झूम झुंपा रहेगा।
प्रथम दिन होंगे 60 सत्र
किताबो में प्रथम दिन 60 से अधिक सत्र होंगे। जिसके माध्यम से स्टूडेंट को नॉलेज, फन सहित टैलेंट दिखाने का मौका भी मिलेगा। किताबो डायरेक्टर इरा सिसोदिया ने बताया कि रंगमंच, फ नकारी के तीन मंच, किस्सा कोना, मस्तीमंच, कथापुर, खेलखेल में, नवरंग नौटंकी, ब्रेनट्रेन, पॉपकॉर्निस्तान और जमघट के साथ ही नुक्कड़ नाटक, खुला मंच और फू ड जोन सहित दर्शक विभिन्न मंचों के माध्यम से हास्य, मौजमस्ती व क्रिएटिविटी का लुत्फ उठा सकेंगे। इसके लिए स्कूल परिसर में ही 14 जगहें निर्धारित की गई है।
मायड़ री सुवास
बच्चों को अपनी संस्कृति व मायड़ बोली से जोड़े रखने के लिए जोधपुर के इतिहासकार प्रो. जहूर खां मेहर, आईदानसिंह भाटी व महेन्द्र लालस के भी सत्र होंगे, जो वीर दुर्गादास, राजस्थानी लोक कथाएं सुनाने से लेकर राजस्थानी के महत्व व भविष्य पर पैनल डिस्कशन भी करेंगे।
...और कारवां बनता गया
डेजर्ट लीफ फाउंडेशन के फाउंडर विकास बालिया ने बताया कि किताबो की परिकल्पना मुख्यत: 8-14 वर्ष के आयुवर्ग के बच्चों को केन्द्र में रखकर की गई है। साथ ही कुछ सत्र इससे अधिक आयुवर्ग के बच्चों, अभिभावकों व शिक्षकों के लिए भी रखे जाते हैं। पिछले संस्करण में तीन दिन में करीब 14000 लोग आऐ थे। इस बार यह आंकड़ा और बढऩे की उम्मीद है। हर बार की ही तरह इस बार भी यह फेस्टिवल पूरी तरह नि:शुल्क होगा व इसमें कोई भी व्यक्ति इसमें प्रवेश ले सकेगा।
बच्चों को है लिखने का शौक तो पत्रिका देगा मंच
9 से 14 वर्ष के बच्चे, जिन्हें कहानी व कविता लेखन का शौक है, उन्हें राजस्थान पत्रिका की ओर से लेखन का मंच उपलब्ध करवाया जा रहा है। इस आयु वर्ग के बच्चे गणतंत्र दिवस से संबंधित लघु कथा (500 शब्दों) और कविताएं 17 दिसम्बर को दोपहर 3 बजे तक राजस्थान पत्रिका कार्यालय, मानजी का हत्था, पावटा में जमा करा सकते हैं या फिर रचनाएं 9928986086 पर वाट्सएप की जा सकती है। इन दोनों श्रेणियों के विजेता छात्र-छात्राओं को विद्याश्रम इंटरनेशनल स्कूल में होने वाले ब्लू सिटी चिल्ड्रन लिटरेचर फेस्टिवल (किताबो) में 18 दिसम्बर को दोपहर दो बजे के विशेष सत्र में सम्मानित किया जाएगा। सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रथम, द्वितीय व तृतीय रचनाओं को राजस्थान पत्रिका की बालहंस मैगजीन में प्रकाशित भी किया जाएगा।