
vikas choudhary/जोधपुर. एक-दूसरे पर हमला करने को लेकर चल रही रंजिश में राजीनामा करने के लिए शास्त्रीनगर थाने के सामने मुदित मेंशन के पास बुलाए जाने के बाद पांच युवकों ने एक युवक पर चाकू से अंधाधुंध छह-सात वार कर घायल कर दिया। बेहोशी की हालत में उसे मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है। देव नगर थाना पुलिस ने जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की है।
पुलिस के अनुसार मसूरिया सिंधी मुस्लिम बस्ती निवासी नादिर खान (40) पुत्र सिकंदर खान व उसके भाई शाहरूख की बस्ती में ही रहने वाले युवकों से रंजिश चल रही है। इसी के चलते शाहरूख कुछ दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था। रंजिश में राजीनामा करने के लिए विरोध पक्ष ने मंगलवार देर रात नादिर खान को मुदित मेंशन के पास बुलाया, जहां वह अपने दोस्त रघुवीर सिंह के साथ इंतजार कर रहा था। आरोप है कि तभी विक्रम सिंह, वसीम खान, अमान खान, अरविंद नट व तरूण नट वहां आए और नादिर से झगड़े पर उतार हो गए। इस बीच, अरविंद नट ने जेब से चाकू निकाला और नादिर पर अंधाधुंध वार करने कर दिए। जिससे उसके पेट, सीने, ललाट व पांव के पास छह-सात घाव हो गए और खून बहने लगा। उसके साथी रघुवीर सिंह ने नादिर के भाई शाहरूख को सूचना दी। जो मौके पर आया और बेहोशी की हालत में घायल को तुरंत नजदीक स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे एमडीएम अस्पताल भेज दिया गया। उसे बुधवार सुबह होश आया।
थानाधिकारी सुमेरदान व अन्य पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और बयान लेने के प्रयास किए। बाद में भाई शाहरूख की शिकायत पर विक्रम सिंह, वसीम खान, अमान खान, अरविंद नट व तरूण नट के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। पुलिस ने इनकी तलाश में जगह-जगह छापे मारे, लेकिन फिलहाल एक भी आरोपी पकड़ में नहीं आया है।
लम्बे समय से चल रही है रंजिश
पुलिस का कहना है कि घायल के भाई शाहरूख को लेकर आरोपियों की रंजिश चल रही है। इस संबंध में देवनगर और सरदारपुरा थाने में मामले दर्ज हो रखे हैं। इसी रंजिश में राजीनामा करने के बहाने उसे बुलाया गया था। शाहरूख कुछ दिन पहले ही जेल से रिहा होकर आया है।