
दरअसल गत ४ सितम्बर को खीचन पंहुचे कुरजां के पहले जत्थे में करीब 40 पक्षी थे तथा ये पक्षी आकाश विचरण कर रहे थे। इसके बाद लगातार खीचन में आसमान में प्रतिदिन हजारों की की तादाद में पक्षियों को उड़ते हुए देखा जा रहा है, लेकिन ये पक्षी अभी तक जमीन पर नहीं उतरे है। गत दिनों बिछुडऩे के बाद यहां अकेली रही कुरजां की आवाज सुनकर नीचे उतरे 6 पक्षी ही यहां विचरण कर रहे है तथा दाना लेने आ रहे है।
6 पक्षी आए चुग्गाघर में-
पक्षी प्रेमी सेवाराम माली ने बताया कि खीचन स्थित पक्षी चुग्गाघर में शनिवार को ५ व रविवार को ६ पक्षी दाना लेने आए थे। ये पक्षी सुबह करीब ६.३० बजे आए। पक्षियों के खीचन पंहुचने के बाद अब तक मात्र ६ पक्षी ही नीचे उतरे है। विजयसागर तालाब पर 7 पक्षियों को देखा गया है।
आसमान में उड़ रहे हजारों पक्षी-
माली ने बताया कि इन दिनों आकाश में बड़ी संख्या में पक्षियों को उड़ते हुए देखा जा रहे है, लेकिन अब तक कुछ ही पक्षी नीचे उतरे है तथा अधिकांश पक्षियों के समूह अत्यधिक ऊंचाई पर देखे जा रहे है। सुरक्षा के लिहाज इन पक्षियों की जांच पड़ताल पूरी होने के बाद ही पक्षी नीचे उतरेंगे। (कासं)
---------------