
जोधपुर. बनाड़ थानान्तर्गत दइकड़ा गांव के एक निर्माणाधीन मकान की बालकनी गिरने से एक श्रमिक की मौत और दूसरा घायल हो गया। बनाड़ थाने में मर्ग दर्ज किया गया है। थानाधिकारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि दइकड़ा गांव निवासी रघुनाथराम जाट के मकान का निमार्ण कार्य चल रहा है, जहां गांव के ही श्रमिक नरसिंहराम मेघवाल व सहदेवराम मेघवाल कार्य कर रहे थे। इसी बीच, गुरुवार देर शाम बालकनी गिर गई और उस पर खड़े होकर कार्य कर रहे दोनों श्रमिक नीचे आ गिरे। मलबे में दबने से दोनों घायल हो गए। नरसिंहराम को मथुरादास माथुर अस्पताल और सहदेवराम को निजी अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान नरसिंहराम पुत्र गोरखराम मेघवाल की मृत्यु हो गई, जबकि दूसरे श्रमिक का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक के भाई कालूराम की तरफ से मर्ग दर्ज किया और शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवा शव परिजन को सौंपा।
उधर, झंवर थानान्तर्गत मेघलासिया गांव में सडक़ हादसे में घायल व्यक्ति का शुक्रवार को मथुरादास माथुर अस्पताल में दम टूट गया। पुलिस ने बताया कि बालेसर थानान्तर्गत तुलेसर गांव में गौड़ों की ढाणियां निवासी हेमाराम पुत्र खेराजराम गौड़ दो दिन पूर्व जैसलमेर रोड पर मेघलासिया गांव की सरहद में सडक़ हादसे में घायल हो गया था। उसे एमडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मृत्यु हो गई। दुर्घटना करने वाले वाहन का पता नहीं लग पाया है।