
जोधपुर.
लूनी थानान्तर्गत भाचरना गांव में खेत के बाड़ का गेट खोलने के दौरान दो युवक फाइनेंस कम्पनी के रिकवरी अधिकारी की मोटरसाइकिल पर रखा 1.80 लाख रुपए का बैग उठाकर भाग गए। युवकों का पता न लगने पर लूनी थाने में लूट का मामला दर्ज कराया गया।
थानाधिकारी देवीचंद ढाका ने बताया कि भारत फाइनेंस कम्पनी समूह में ऋण देने का कार्य करती है। कम्पनी का रिकवरी अधिकारी देवराज सप्ताह में एक दिन रिकवरी के लिए क्षेत्र के गांव में आता है और ग्रामीणों से मीटिंग कर किस्तें जमा कर लौटता है। क्षेत्र में ऋण की किस्तों का कलेक्शन कर देवराज मोटरसाइकिल पर कम्पनी लौट रहा था। बैग में 1.80 से 1.90 लाख रुपए थे। वह जोधपुर लौटने लगा तो भाचरना गांव में खेत का रास्ता बंद मिला। उसने मोटरसाइकिल खड़ी की और बैग बाइक पर रख खेत की बाड़ का दरवाजा खोलने गया। इतने में पीछे से दो युवक आए और बैग लेकर चलते बने। इसका पता लगने पर पुलिस वारदातस्थल पहुंची और जांच शुरू की। मकराना में जसुरी निवासी कम्पनी के प्रताप सिंह पुत्र मोहनसिंह ने लूनी थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया।