जोधपुर

Lawrence Bishnoi Gang: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक गुर्गे सहित चार युवक गिरफ्तार, अवैध हथियार बेचने की फिराक में थे

Lawrence Bishnoi Gang: चार पिस्तौल व दस जिंदा कारतूस जब्त, चार गिरफ्तार- 20-20 हजार में खरीदकर 30-30 हजार में बेचने की फिराक में थे अवैध हथियार- हथियार का प्रमुख सप्लायर फरार
2 min read
Jun 12, 2022
Feature image

Lawrence Bishnoi Gang: जोधपुर. एयरपोर्ट व खाण्डा फलसा थाना पुलिस ने अलग-अलग जगह दबिश देकर 4 पिस्तौल व 10 जिंदा कारतूस जब्त कर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक गुर्गे सहित चार युवकों को गिरफ्तार किया। हथियार का प्रमुख सप्लायर पकड़ में नहीं आ सका है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) भुवन भूषण यादव ने बताया कि जोलियाली गांव निवासी दिनेश मेघवाल के बड़ी तादाद में अवैध हथियार लेकर आने व शहर में सप्लाई करने की फिराक में होने की सूचना मिली। एडीसीपी नाजिम अली के निर्देशन में एयरपोर्ट थानाधिकारी दिलीप खदाव ने तलाश शुरू की और पाबुपूरा रोड पर दिनेश मेघवाल और पिंटू नायक को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर इनके कब्जे से तीन देसी पिस्तौल व 4 जिंदा कारतूस मिले। आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर झंवर थानान्तर्गत जोलियाली गांव निवासी दिनेश (22) पुत्र रेखाराम मेघवाल व बोरुंदा थानान्तर्गत खेजड़ला में बागर चौक निवासी पिंटू (22) पुत्र नाथूराम नायक को गिरफ्तार किया गया।


एक माह पहले ही जेल से छूटा
थानाधिकारी दिलीप खदाव ने बताया कि गिरफ्त में आए दिनेश मेघवाल से पूछताछ में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। उसने बाड़मेर जिले में मंडली थानान्तर्गत परालिया धामट निवासी राकेश बिश्नोई से यह हथियार खरीदे थे। राकेश ने बीस-बीस हजार रुपए में दिनेश को हथियार दिए थे। वह पिंटू की मदद से तीस-तीस हजार रुपए में यह हथियार बेचने की फिराक में था। राकेश ने मण्डली थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर गोली चलाकर जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भिजवाया था, जहां से एक माह पहले ही वह जमानत पर छूटा था।


आठ माह पहले छूटा था लॉरेंस का गुर्गा
खाण्डा फलसा थानाधिकारी सुनील चारण ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तलाश के बाद मूलत: देचू थानान्तर्गत चामूं हाल आखलिया चौराहे के पास बापू कॉलोनी निवासी नरपतलाल उर्फ नरेश (40) पुत्र पारसमल जोशी को गिरफ्तार कर एक पिस्तौल व उसके साथी मूलत: जाटावास हाल सिवांची गेट निवासी महेन्द्रसिंह उर्फ धारू पुत्र माधुसिंह को गिरफ्तार कर छह जिंदा कारतूस जब्त किए गए। आरोपी नरपत पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा है। उस पर हत्या सहित आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। वह हत्या के मामले में आठ माह पहले ही जमानत पर छूटा था।


गैंगस्टर बनने का शौक
आरोपी नरपत खुद को लॉरेंस गैंग का गुर्गा बताता है। खुद की पहचान गैंगस्टर के रूप में बनाने के लिए अवैध हथियार रखता था। हथियार के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर कवर स्टोरी डालता था। इन्हीं से मिले सुराग के आधार पर वह पकड़ा गया है।

Published on:
12 Jun 2022 06:52 pm