
जोधपुर. मारवाड़ के कुछ हिस्सों में सोमवार को बादल-बारिश का दौर बना रहा हालांकि बारिश की तीव्रता कम हो गई। जोधपुर, जालौर, पाली और नागौर के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। जोधपुर शहर में दोपहर बाद छितराई बरसात हुई। बनाड़ और आसपास के क्षेत्रों में जहां बौछारें गिरी वहीं भीतरी शहर और आसपास के इलाकों में केवल बूंदाबांदी ही हुई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार और बुधवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। इसके बाद तेज बारिश के आसार है।
सूर्यनगरी में सोमवार को न्यूनतम तापमान 26.1 और अधिकतम 34.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सुबह से ही उमस भरा मौसम बना हुआ था। दोपहर बाद शहर में घने काले बादलों की आवाजाही हुई, लेकिन ये बादल कुछ खास बारिश नहीं कर सके। छींटे गिरने से उमस का असर और बढ़ गया। बनाड़ और आसपास के इलाकों में तेज बहारों से सडक़ पर पानी बहने लग गया। जिले के कुछ ग्रामीण हिस्सों में भी हल्की बारिश बनी रही। फलौदी में न्यूनतम तापमान 24.8 और अधिकतम 33.8 डिग्री रहा। कस्बे में 2.6 मिलीमीटर बारिश हुई।
बाड़मेर और जैसलमेर में हल्की बारिश के समाचार है। जालोर के सांचौर में 14, पाली के सोजत में 14, रानी में 13, नागौर की रियांबड़ी में 12, मकराना में 15 और लाडनूं में 33 मिलीमीटर बारिश मापी गई।