
जोधपुर. प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के लाभार्थियों को सिलेण्डर पर 200 रुपए सब्सिडी मिलने के बाद बीते छह दिन में बुकिंग में तेजी आई है। जोधपुर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बुकिंग 20 से 30 फीसदी बढ़ गई है यानी इस महीने प्रदेश में घरेलू गैस के सिलेण्डर का उठाव अधिक होगा।
महंगाई को देखते हुए केंद्र सरकार ने पिछले महीने उज्ज्वला लाभार्थियों के खाते में दो सौ रुपए सब्सिडी देने की घोषणा की थी जो एक जून से लागू हो गई है। वर्तमान में घरेलू गैस का सिलेंडर 1010.50 रुपए में आ रहा है। लाभार्थियों को हॉकर को पूरा मूल्य देना होगा। बुकिंग करते ही सब्सिडी उनके खाते में आ जाएगी। प्रदेश में 67.39 लाख उज्ज्वला योजना के कनेक्शन है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने एक मई 2016 से पूरे देश गरीबों के लिए उज्ज्वला योजना शुरू की थी। इसके तहत एलपीजी कनेक्शन फ्री मिलता है। पहला सिलेण्डर, रेगुलेटर और चूल्हा फ्री दिया जाता है। मार्च 2020 तक आठ करोड़ का लक्ष्य था जो सितम्बर 2019 में ही पूरा हो गया। एक करोड़ अतिरिक्त कनेक्शन देने के लिए 10 अगस्त 2021 से उज्ज्वला योजना 2.0 की शुरुआत की गई। इसके तहत राजस्थान में अब तक 3.83 लाख कनेक्शन दिए जा चुके हैं।
सूखी लकड़ी, थेपले इस्तेमाल करने में दूसरे स्थान पर
गैर स्वच्छ ईंधन उपयोग करने के मामले में राजस्थान देश में दूसरे स्थान पर है। पहले पर बंगाल है जहां केवल 40.2 घरों में स्वच्छ ऊर्जा का इस्तेमाल होता है। राजस्थान में यह 41.4 प्रतिशत है। प्रदेश के शेष घरों में सूखी लकड़ी, गोबर के थेपले का इस्तेमाल करके खाना पकाया जाता है। इससे धुंआ पैदा होने से महिलाओं को सांस की कई बीमारियां होने का खतरा रहता है। स्वच्छ ईंधन उपयोग करने में 79.7 प्रतिशत के साथ महाराष्ट्र व कर्नाटक पहले स्थान पर है।
स्वच्छ ईंधन में पिछड़े राज्य
राज्य ----- स्वच्छ ईंधन उपयोग का प्रतिशत
प. बंगाल----- 40.2
राजस्थान ----- 41.4
असम ----- 42.1
उत्तरप्रदेश ----- 49.5
हिमाचल प्रदेश ----- 51.7
उत्तराखण्ड ----- 59.2
हरियाणा ----- 59.5
---------------
स्वच्छ ईंधन इस्तेमाल करने में अग्रणी राज्य
राज्य ----- स्वच्छ ईंधन उपयोग का प्रतिशत
महाराष्ट्र----- 79.7
कर्नाटक ----- 79.7
सिक्किम ----- 78.4
पंजाब ----- 76.7
केरल ----- 72.1
मणिपुर ----- 70.4
-----------------------
राजस्थान में उज्ज्वला योजना
- 63.55 लाख कनेक्शन थे पीएमयूवाई 1.0 योजना में
- 383441 कनेक्शन अब तक हुए पीएमयूवाई 2.0 योजना में
- 67.39 लाख कुल कनेक्शन है पीएमयूवाई में
------------------
सर्वाधिक कनेक्शन उदयपुर में
जिला ----- पीएमयूवाई कनेक्शन संख्या
उदयपुर ----- 375088
बाड़मेर ----- 360176
जयपुर ----- 331958
अलवर ----- 322624
नागौर ----- 311778
-----------------
सबसे कम कनेक्शन है कोटा में, एक लाख से नीचे
जिला ----- पीएमयूवाई कनेक्शन संख्या
कोटा ----- 92729
जैसलमेर----- 110475
सवाई माधोपुर-----114952
सिरोही ----- 120145
हनुमानगढ़ ----- 129661
बूंदी ----- 135901