
जोधपुर। कोरोना जागरूकता के लिए इन दिनों सुरक्षा के लिए सेलिब्रेशन थीम आयोजित की जा रही है। 27 दिसंबर से शुरू हुए इस अभियान में नगर निगम, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और सिविल डिफेंस की टीमें काम रही है। इसी अभियान के तहत 18 लोगों ने प्लाज्मा डोनेट किया, जिन्हें जिला कलक्टर ने सर्टिफिकेट देकर सम्मानित भी किया। आरजे राहुल सिंह राठौड़ की ओर से संचालन करते हुए झालामंड चौराहा, आखलिया चौराहा, 12वी रोड, 5वी रोड, हैवी इंडस्ट्रियल एरिया और घंटाघर क्षेत्र में 6000 से ज्यादा मास्क जरूरतमंदों को वितरित किए जा चुके हैं। यातायत पुलिस जोधपुर के साथ मिलकर शहर के अलग-अलग चौराहों पर कोरोना सेफ्टी गाइडलाइंस और यातायात के नियमों की पालना के जागरूकता कार्यक्रम भी हो रहे हैं। यह जागरूकता कार्यक्रम आगामी दिनों में भी जारी रहेगा। आरजे राहुल के अनुसार प्रतिदिन इन कार्यक्रमों को लाइव किया जाता है और सडक़ो पर लोगों को जागरूक करने के प्रयास कर रहे हैं। मास्क बांटने के साथ ही निगम टीम के साथ मिलकर चालान भी बनाए जा रहे हैं।