
जोधपुर।
ओसियां थानान्तर्गत सिरमण्डी गांव में भारतमाला ओवरब्रिज के पास एसयूवी व एक अन्य कार में सवार हिस्ट्रीशीटर व सात-आठ बदमाशों ने न्यायाधीश की कार रोकी और टक्कर मारने की कोशिश कर लूट का प्रयास किया। कार पर न्यायाधीश लिखा देख हमलावर भाग गए। कुछ देर बाद एक अधिवक्ता ने न्यायाधीश की कार में सवार कोर्ट स्टाफ को फोन कर कहा कि गलती हो गई है। उन्हें मार्फ करो। (attack on majistrate)
पुलिस के अनुसार ओसियां ग्राम न्यायालय के न्यायाधीश जयराम जाट, भूजल विभाग में सहायक लेखा अधिकारी द्वितीय रामनिवास जाट और कोर्ट स्टाफ प्रेमसिंह 30 नवम्बर की रात आठ बजे कार में भीकमकोर से ओसियां आ रहे थे।सिरमण्डी से कुछ आगे भारतमाला ओवरब्रिज के नीचे पहुंचे, जहां एसयूवी व एक कार खड़ी नजर आई। एसयूवी को अचानक आगे लाकर बदमाशों ने न्यायाधीश की कार रोकने का प्रयास किया, लेकिन न्यायाधीश की कार आगे निकल गई। तब दूसरी कार को बदमाशों ने आग लगाकर न्यायाधीश की कार रोक दी। इतने में एसयूवी भी पीछे से आ गई और न्यायाधीश की कार को टक्कर मारने का प्रयास किया। दोनों कारों से सात-आठ हमलावर बाहर निकले और न्यायाधीश की कार में सवार तीनों पर हमले का प्रयास किया। तभी हमलावरों की नजर कार के आगे मजिस्ट्रेट लिखी नाम पट्टिका पर गई। सभी हमलावर घबरा गए और एसयूवी व कार में सवार होकर सभी बदमाश भाग गए।
कुछ देर बाद अधिवक्ता राजेश बिश्नोई ने न्यायाधीश की कार में सवार कोर्ट स्टाफ प्रेमसिंह को फोन किया। उसने कहा कि युवकों से गलती हो गई है। उन्हें माफ करो। अधिवक्ता ने कोर्ट स्टाफ को हमलावरों के नाम सिरमण्डी निवासी मुकेश, प्रेम, गौरव, ईश्वर, जगदीश, हनुमानराम उर्फ लादेन बताए हैं। सहायक लेखाधिकारी द्वितीय रामनिवास पुत्र मेहराम जाट ने दूसरे दिन इन सभी के खिलाफ जानलेवा हमला, लूट के प्रयास का मामला दर्ज कराया।
थानाधिकारी राजूराम काला ने बताया कि जो रिपोर्ट मिली है वैसी ही दर्ज कर त्वरित अनुसंधान किया जा रहा है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जो तथ्य सामने आएंगे वैसी ही कार्रवाई की जाएगी।