
वीडियो : गौतम उडेलिया/जोधपुर.
मंडोर थानान्तर्गत भदवासिया क्षेत्र की अशोक कॉलोनी स्थित मकान की प्रथम मंजिल पर कमरे में मंगलवार सुबह मौसेरे भाई बहन के शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया जांच के बाद पुलिस को अंदेशा है कि किशोरी की गला घोंटकर हत्या करने के बाद युवक ने शीशे के टुकड़े से खुद का गला रेतकर आत्महत्या की है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि अशोक कॉलोनी गली 2 स्थित मकान के प्रथम मंजिल पर एक कमरे में सुबह युवक व चौदह वर्षीय लड़की के शव मिले युवक का गला रेता हुआ है। पास ही शीशे का टुकड़ा पड़ा मिला। उससे अंदेशा है कि शीशे के टुकड़े से गला रेतकर युवक ने आत्महत्या की है। खुद की जान देने से पहले किशोरी का गला घोंटकर हत्या करने की आशंका है। जांच के लिए एफएसएल को मौके पर बुलाया गया है।
उत्तर प्रदेश में बनारस निवासी युवक लॉक डाउन के दौरान ही मौसी के कमरे में रहने आया था।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को किशोरी के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है लेकिन पुलिस अंदेशा जता रही है कि किशोरी के साथ गलत हरकत के चलते युवक ने हत्या कर आत्महत्या की होगी ।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है । पुलिस उपायुक्त पूर्व धर्मेन्द्र सिंह, एसीपी राजेन्द्र दिवाकर, थानाधिकारी दिलीप खदाव मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
मृतका की मां ने गोद ले रखा युवक को
पुलिस का कहना है कि मृतका की मां व नानी कई वर्षों से क्षेत्र में रह रहे हैं । मां व नानी घर व छात्रावास में साफ सफाई का काम करते हैं । मृतका की मां ने युवक को गोद ले रखा था।
मिट्टी ढहने से दो की मौत
लोहावट. लोहावट थानातंर्गत सारणनगर सामराऊ में मिट्टी ढहने दो लोगों की दबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कल देर रात ट्यूबवैल के पाइप को दुरुस्त करने के लिए करीब 20 फीट गड्ढा खोदा गया था। इस दौरान मिट्टी ढहने से दो लोग इसमें दब गए। जिनकी मौके पर मौत हो गई। बाद में दो जेसीबी की सहायता से खुदाई कर तीन घंटे की मशक्कत के बाद शवों को निकाला गया। जिन्हें लोहावट सीएचसी पर रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।