Jodhpur News: सिटी बस में बैठे युवक ने कार में सवार एक अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त को बेखौफ होकर अश्लील इशारे कर छेड़छाड़ की।
जोधपुर। रातानाडा सर्कल के पास सिटी बस में बैठे युवक ने कार में सवार एक अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त को बेखौफ होकर अश्लील इशारे कर छेड़छाड़ की। महिला अधिकारी ने सिटी बस रुकवाई और युवक को पकड़कर रातानाडा थाना पुलिस को सौंप दिया, जिसे गिरफ्तार किया गया।
एडीसीपी ने बताया कि वो अपनी डॉक्टर मित्र के साथ दोपहर में कार लेकर किसी काम से बाहर गईं थी, जहां से वो घर लौट रही थी। बेटा भी साथ था। इस बीच, रातानाडा सर्कल पर लाल लाइट होने पर यातायात रुक गया। कार भी रोक दी गई। इतने में एक सिटी बस पास में आकर रुकी।
उसमें सवार एक यात्री ने गर्दन घूमाकर अश्लील इशारे करने लगा। एकबारगी महिला अधिकारी ने अनदेखा किया, लेकिन युवक फिर से हाथ से अश्लील व भद्दे इशारे करने लगा। तब तक ग्रीन लाइट हो गई और वाहन निकलना शुरू हो गए। सिटी बस क्रॉस होने लगी तो युवक और अश्लील इशारे करने लग गया। उसकी हरकतें बढ़ने लगी तो महिला अधिकारी को गुस्सा आया। उन्होंने आगे जाकर चालक को इशारा कर सिटी बस रुकवाई।
वो कार से बाहर आईं और सिटी बस में जाकर युवक को जमकर लताड़ लगाई। पुलिस कन्ट्रोल रूम में सूचना दी गई। रातानाडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और टोंक मे वहीर कॉलोनी निवासी वसीर उर्फ सूरज पुत्र गुलाब उर्फ रमजान को पकड़कर थाने ले गई, जहां उसे शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया। इस संबंध में कोई एफआइआर दर्ज नहीं कराई गई है।
महिला एडीसीपी ने अश्लील इशारे करने वाले युवक को फटकार लगाई। युवक घबरा गया और हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगा। उसने सफाई देते हुए कहा कि वो पागल है, फकीर है। भिखारी है। उसने खुद को निर्दोष बताकर छेड़छाड़ करने से इनकार किया। एडीसीपी ने उसे जमकर डांटा और कानूनी कार्रवाई करने को चेताया। तब उसने कहा कि वो गुटखा खा रहा था। इससे उन्हें गलत लगा।
एडीसीपी की पहल व युवक को जमकर लताड़ लगाने पर सिटी बस में सवार महिला यात्रियों ने सराहना की। उन्होंने कहा कि सिटी बसों में महिलाओं के साथ कईं बार ऐसे हालात उत्पन्न होते हैं।
एडीसीपी ने पूरे मामले को अपनी इंस्टाग्राम आइडी पर शेयर किया। उन्होंने लिखा कि युवक की हरकत पर उन्होंने एक्शन लिया। वह ऐसा करने में समक्ष है इसलिए कार्रवाई करवाई। ताकि वह दुबारा किसी अन्य महिला व युवती के साथ ऐसा न करें। यदि किसी के साथ ऐसी हरकत हों तो आवाज उठाएं और कार्रवाई करवाएं। जागरूक बनें। आस-पास के लोग भी सहयोग करेंगे।