
जोधपुर।
केंद्र सरकार की ओर से लागू किए गए आवश्यक वस्तु अधिनियम के विरोध में मंगलवार और बुधवार को पूरे प्रदेश में सभी अनाज मंडियां पूर्णतया बंद रहेगी। इस कड़ी में मण्डोर कृषि उपज मंडी व जीरा मंडी भी बंद रहेगी। मण्डोर कृषि उपज मंडी व्यापार संघ सचिव धर्मेन्द्र भण्डारी ने बताया कि दालों की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के विरोध को देखते हुए कीमतों को नियंत्रण करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से दालों के आयात की अनुमति देने व मूंग दाल के अलावा अन्य दालों पर थोक विक्रेता के लिए अधिकतम स्टॉक लिमिट को घटाकर 200 टन मीट्रिक टन करने के निर्णय के खिलाफ मण्डोर मंडी बंद रखने का निर्णय लिया गया है। व्यापारियों ने दाल मिलों के लिए 3 माह की खपत के बराबर या वर्षभर में संस्थापित दाल का 25 प्रतिशत तक ही स्टॉक रखने के निर्णय का भी विरोध किया है। जीरा मंडी भी रहेगी बंदराजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ के आह्वान पर केंद्र सरकार की ओर से लागू किए गए आवश्यक वस्तु अधिनियम के विरोध में मंगलवार और बुधवार को जीरा मंडी व बासनी कृषि उपज मंडी भी बंद रहेगी। जीरा मंडी व्यापार संघ अध्यक्ष पुरुषोत्तम मूंदड़ा व सचिव राजेश करवा ने बताया कि मंडी परिसर में किसी भी तरह का व्यापार कार्य नहीं होगा।