जोधपुर

शादीशुदा ने अविवाहित बता शादी की, अब पांच लाख की मांग

- महिला व उसके परिजन पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज
less than 1 minute read
Dec 10, 2020
शादीशुदा ने अविवाहित बता शादी की, अब पांच लाख की मांग
शादीशुदा ने अविवाहित बता शादी की, अब पांच लाख की मांग

जोधपुर.
बूंदी की एक शादीशुदा महिला ने खुद को अविवाहित व उच्च कोटि ब्राह्मण परिवार से होने की जानकारी देकर चौपासनी में श्याम मनोहर मंदिर के पास एक व्यक्ति से शादी की और फिर रुपए व आभूषण लेकर गायब हो गईं। पति व ससुराल वालों ने महिला के घरवालों से सम्पर्क किया तो पांच लाख रुपए मांगे, अन्यथा झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दी।
राजीव गांधी नगर थाना पुलिस ने बताया कि चौपासनी में श्याम मनोहर मंदिर के पास निवासी भरत कुमार पुत्र ताराचंद जोशी ने कोर्ट में पेश इस्तगासे के आधार पर सीमा शर्मा, उसके पिता रामस्वरूप, मांग ललित देवी व भाई भानू शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी व ब्लैकमेलिंग की एफआइआर दर्ज करवाई। आरोप है कि मुम्बई की मेट्रोमोनियम साइट के मार्फत भरत का सम्पर्क सीमा उर्फ रशीका शर्मा से हुआ था। उसने खुद को अविवाहित व गौड़ ब्राह्मण पाराशर गौत्र बताया था। उसके घरवाले जोधपुर आए और भरत के घरवालों से बात की थी। 10 जून 2019 को दोनों की शादी हुई थी। इसके बाद उसका व्यवहार बदल गया। वह मोबाइल पर कई लोगों से बातचीत करने लगी। उसके गौड़ ब्राह्मण पाराशर न होने का भी पता लग गया। व्यवहार में बदलाव के प्रति टोकने पर झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने लगी। दिसम्बर 2019 में वह रुपए व गहने लेकर गायब हो गई थी। पति व परिजन बूंदी पहुंचे तो पता लगा कि वह पहले से शादीशुदा है और वह पांच लाख रुपए लेकर विवाह विच्छेद की डिक्री ले चुकी है। भरत के घरवालों ने एेतराज जताया तो महिला के घरवालों ने पांच लाख रुपए देने को धमकाया और झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दी। पीडि़त जोधपुर लौट आए और पुलिस में शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।

Published on:
10 Dec 2020 01:32 am