जोधपुर

जोधपुर की हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में देर रात लगी भीषण आग, हुआ जोरदार धमाका पड़ोस के मकान में आई दरारें, मची अफरा तफरी

www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Oct 05, 2018
fire
fire

जोधपुर ।

राजस्थान के जोधपुर जिले के एक क्षेत्र में अचानक देर रात आग लगने की खबर है। जोधपुर जिले में पाल बालाजी मंदिर के पीछे पार्श्वनाथ नगर स्थित हैंडीक्राफ्ट की एक फैक्ट्री में गुरुवार मध्यरात्रि भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगने की सूचना फायर स्टेशन में दी गई जिससे करीब नगर निगम की आधा दर्जन दमकलें आग पर काबू पाने में जुटी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रहवासीय क्षेत्र पार्श्वनाथ नगर में रात करीब एक बजे आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने फैक्ट्री में रखे लकड़ी का कच्चा व तैयार माल चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी की लपटें आसमान छूने लगी और आसपास के लोग नींद से उठ गए और पुलिस व दमकल को सूचित किया। शास्त्रीनगर अग्निशमन केन्द्र से एक दमकल मौके पर पहुंची।

आग भीषण होने के कारण बाद में बासनी व नागौरी गेट से और दमकलें मौके पर बुलाई गई। वहीं फैक्ट्री का दरवाजा तोड़कर आग पर काबू करने के लिए पानी का छिड़काव शुरू किया गया। देर रात तक आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। आग की चपेट में आई हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री के पास ही स्थित फाइबर के कारखाने के चपेट में आने की आशंका के चलते खाली करवाया गया।

धमाके की आवाज से उठे लोग, मकान में दरारें

फैक्ट्री में आग के दौरान जोरदार धमाका हुआ जिसे दूर तक सुना गया। फिलहाल पता नहीं लग पाया है कि धमाका किसका था। आग से हुए धमाके के कारण पड़ोस के मकान में दरारें आ गई। मालिक शेरसिंह ने बताया कि आग की वजह से फैक्ट्री से सटी दीवार में दरार आ गई मकान के अंदर भी दरारें दिखाई देने लगी हैं। जिससे घरवालों में भय व्याप्त हो गया। मकान मालिक का कहना है कि फैक्ट्री मालिक से कई बार फैक्ट्री को रहवासीय क्षेत्र से बाहर से जाने का आग्रह किया था। लेकिन फैक्ट्री मालिक ने अनसुना कर दिया। जिसका अंजाम आज भुगतना पड़ रहा है।

Published on:
05 Oct 2018 03:39 am