
जोधपुर।
रेल प्रशासन ने लोक देवता रामदेवरा मेले के दौरान जातरुओं की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए शनिवार से एक मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जितेंद्र मीणा ने बताया कि रामदेवरा मेले में जाने वाले जातरुओं की सुविधा के लिए जोधपुर-रामदेवरा मेला स्पेशल ट्रेन गाड़ी संख्या 04806 शनिवार से शुरू की जाएगी, जो प्रतिदिन शाम 7.50 बजे जोधपुर से रवाना होकर रात 11.45 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04801 रामदेवरा से सुबह 9.55 बजे रवाना होकर अपराह्न 2 बजे जोधपुर पहुंच जाएगी। रेल प्रशासन 25 अगस्त से 9 सितंबर तक जोधपुर से रामदेवरा के बीच यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कुछ और मेला स्पेशल ट्रेनें संचालित करेगा, जिससे रामदेवरा आने- जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
----
यहां होगा ठहराव
गाड़ी संख्या 04806 जोधपुर से शाम 7.50 बजे रवाना होकर 7.58 बजे राइकाबाग, 8.08 बजे महामंदिर, 8.18 बजे मंडोर, 8.37 बजे मारवाड़ मथानिया, 8.50 बजे तिंवरी, 9.10 बजे ओसियां, 10.07 बजे मारवाड़ लोहावट व 10.35 बजे फलोदी जंक्शन होते हुए रात 11. 45 बजे रामदेवरा पहुंचेगी।
वापसी में रविवार से गाड़ी संख्या 04801 सुबह 9.55 बजे रामदेवरा से रवाना होकर 10.35 बजे फलोदी, 11.02 बजे मारवाड़ लोहावट, 11.45 बजे ओसियां, दोपहर 12.05 बजे तिंवरी, 12.46 बजे मारवाड़ मथानिया, 1.06 बजे मंडोर, 1.18 बजे महामंदिर, 1.27 बजे राइकाबाग और दोपहर 2 बजे जोधपुर पहुंच जाएगी ।
------
दिल्ली सरायरोहिल्ला का इंजन फेल, 4 ट्रेनें प्रभावित
जोधपुर से दिल्ली जाने वाली दिल्ली सराय रोहिल्ला ट्रेन का मेड़ता रोड व जोगीमगरा स्टेशन के बीच इंजन फेल हो गया। रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार जोधपुर से दिल्ली सरायरोहिल्ला जाने वाली ट्रेन का इंजन गुरुवार देर रात जोगीमगरा मेड़ता रोड रेल मार्ग के बीच फेल हो गया। इससे करीब 2 घंटे रेलमार्ग बाधित रहा व 4 ट्रेनों के हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा