
जोधपुर. गत तीन दिनों से चल रही शीतलहर और कड़ाके की सर्दी से शनिवार को कुछ राहत मिलती नजर आई। चटख धूप के कारण जोधपुर सहित प्रदेश के आठ शहरों में दिन का तापमान 25 डिग्री को पार कर गया। पिलानी 28 डिग्री के साथ सर्वाधिक गर्म रहा, जबकि वहां रात का तापमान 3 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घण्टे में रात के तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है। सोमवार से शीतलहर भी खत्म हो जाएगी। अगले सप्ताह बंपर जाड़े से कुछ आराम रहेगा।
सूर्यनगरी में शनिवार को न्यूनतम तापमान उछलकर 7.9 डिग्री पर आ गया। सुबह-सुबह तेज सर्दी थी। शहरवासियों को जाप्ता करके घर से निकलना पड़ा। सर्दी से राहत पाने के लिए लोग धूप सेकते नजर आए। आसमां साफ होने से तीखी व चटख धूप निकली। कुछ ही देर में मौसम गर्म होने लगा। दोपहर में तापमान 26.1 डिग्री पर आ गया जो कल के मुकाबले करीब तीन डिग्री अधिक था। बर्फीली हवा भी मंद पडऩे से सर्दी से कुछ राहत रही। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी सुबह और रात को बेजां ठंड रही। फलोदी में न्यूनतम तापमान 6.8 व अधिकतम 25.2 डिग्री रहा।
बाड़मेर में रात का पारा 9.2 व दिन का 27.4 डिग्री रहा। जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 6.8 व अधिकतम 24.7 डिग्री मापा गया।