
जोधपुर. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को तापमापी में घटत-बढ़त के साथ तेज सर्दी का मौसम बना रहा। जोधपुर सहित थार के अधिकांश हिस्सों में दिन व रात के तापमान में अंतर कम होने से दिन में भी तेज सर्दी का अहसास बना रहा। सर्दी से दिनभर ठिठुरन रही। तीखी धूप में जरुर सर्दी से कुछ राहत थी। पर्वतीय स्थल माउंट आबू में पारा 1 डिग्री सेल्सियस मापा गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
सूर्यनगरी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सोमवार के मुकाबले करीब एक डिग्री उछाल के साथ 9 डिग्री सेल्सियस मापा गया। सुबह तेज सर्दी थी। सूरज निकलने के बाद लोग धूप का सेवन करते देखे गए। हवा में नमी होने से दिनभर सर्दी बनी रही। धूप तेज थी। ऐसे में दिन भर धूप में बैठना भी मुश्किल हो रहा था। दिन का तापमान 23.2 डिग्री रहा। ग्रामीण अंचल में भी सर्द भरा मौसम रहा। खुले इलाकों में कड़ाके की सर्दी की वजह से क्षेत्रवासियों की दिनचर्या प्रभावित रही। सरहदी इलाके जैसलमेर और बाड़मेर के तापमान में भी बढ़त देखने को मिली। जैसलमेर में रात का तापमान 8.3 व दिन का 21.2 डिग्री रहा। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री और अधिकतम 24.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।