
जोधपुर. एम्स में शनिवार से विश्व एंटी माइक्रोबियल प्रतिरोध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है जो 24 नवम्बर तक चलेगा। इसमें AIIMS Jodhpur के निदेशक डॉ माधवानंद कर, डीन अकादमिक डॉ कुलदीप सिंह और अस्पताल अधीक्षक डॉ महेंद्र कुमार गर्ग के नेतृत्व में एंटीबायोटिक उपयोग के महत्व को समझाना और समुदाय को जागरूक करने के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।
शुरुआत में शनिवार को डॉ. दीपक कुमार एंटी माइक्रोबियल प्रतिरोध जागरूकता पर एक सार्वजनिक व्याख्यान देंगे, जिसमें प्रतिरोधता के बढ़ने से निपटने में एंटीबायोटिक उपयोग के महत्व पर जोर दिया जाएगा। एक पैनल चर्चा होगी। इसमें डॉ जगदीश प्रसाद गोयल, डॉ. पंकज भारद्वाज, डॉ. विभोर टाक, डॉ. गोपाल कृष्ण बोहरा, डॉ. दुर्गा शंकर मीणा, और डॉ. विधि जैन शामिल होंगे। इसमें आमजन भी सवाल पूछ सकेंगे। अगले दिन रविवार को डॉ. गोपाल कृष्ण बोहरा और डॉ. विभोर टाक के साथ एक रेडियो पॉडकास्ट प्रसारित किया जाएगा। बीस नवंबर को सीनियर रेजिडेंट, जूनियर रेजिडेंट और एमबीबीएस छात्रों की ओर से एक पोस्टर प्रतियोगिता रखी जाएगी।