जोधपुर

विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी का न्यूयॉर्क में हुआ अभिनंदन

- जन आशीर्वाद आभार समारोह - संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में लेंगी भाग
1 minute read
Sep 04, 2021
विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी का न्यूयॉर्क में हुआ अभिनंदन
विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी का न्यूयॉर्क में हुआ अभिनंदन

जोधपुर. जयपुर फुट यूएसए और ग्रेसियस गिवर्स फाउंडेशन की ओर से न्यूयॉर्क में आयोजित जन आशीर्वाद आभार समारोह में विदेश व संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी का अभिनंदन किया गया।

लेखी ने समारोह का सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रवासी भारतीयों ने गुडविल एम्बेस्डर्स के रूप में कोरोना की विषम परिस्थितियों के दौरान अपने सेवा कार्यों से दुनिया में भारत की साख बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि देश को भी जरूरत पडऩे पर प्रवासी भारतीय मदद करने में कभी पीछे नहीं रहते। उन्होंने कोरोनाकाल के दौरान भेजी गई दवाइयों, ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर्स व अन्य उपकरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में न सिर्फ भारत बल्कि देश के बाहर रहने वाले भारतीयों ने भी खुले मन से मानवता की सेवा की है।

विदेश राज्यमंत्री शनिवार को कोलम्बिया व न्यूयार्क की छह दिवसीय यात्रा पर पहुंची हैं। वे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में भी भाग लेंगी।

समारोह में जयपुर फुट यूएसए के चेयरमैन प्रेम भंडारी ने कोरोनाकाल में लॉकडाउन और यात्रा प्रतिबंधों के कारण भारतीय लोगों को हुई कठिनाई का जिक्र करते हुए कहा कि इस कठिन समय में भारत सरकार ने हरसंभव मदद उपलब्ध करवा कर बड़ी राहत प्रदान की। उन्होंने इसके लिए विदेश मंत्रालय और विदेश, गृह, और नागरिक उड्डयन सचिवों की ओर से मिली मदद की जानकारी दी। उन्होंने जयपुर फुट और विदेश मंत्रालय के सहयोग से इंडिया फॉर ह्यूमैनिटी के तहत दुनिया भर में दिव्यांगों की मदद के लिए लगाए जा रहे प्रोस्थेटिक्स फिटमेंट शिविरों की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक १३ शिविरों में छह हजार से ज्यादा दिव्यांगों को कृत्रिम अंग लगाए जा चुके हैं।

जयपुर फुट यूएसए के सचिन निशांत गर्ग के अनुसार एफआईए के पूर्व अध्यक्ष आलोक कुमार ने कार्यक्रम की शुरुआत की।समारोह में न्यूयॉर्क के काउंसिल जनरल रणधीर जायसवाल व बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय उपस्थित थे।

Published on:
04 Sept 2021 07:27 pm