जोधपुर

छोटी-बड़ी समस्याएं आई, लेकिन पहले दिन रही 600 मरीजों की ओपीडी

  पत्रिका खबर का असर
2 min read
Oct 18, 2021
छोटी-बड़ी समस्याएं आई, लेकिन पहले दिन रही 600 मरीजों की ओपीडी
छोटी-बड़ी समस्याएं आई, लेकिन पहले दिन रही 600 मरीजों की ओपीडी

एमजीएच की न्यू ओपीडी व इमरजेंसी ब्लॉक शुरू

जोधपुर. लंबे समय से शहरवासियों को महात्मा गांधी अस्पताल की न्यू आउटडोर बिल्डिंग खुलने का इंतजार था, आखिर सोमवार को एमजीएच की न्यू आउटडोर शुरू हो गई। ओपीडी में पहले दिन 6 सौ मरीज आए। हालांकि छोटी बड़ी समस्या से कई मरीजों को दो-चार होना पड़ा, लेकिन अस्पताल में पहले दिन बड़ी संख्या मरीज व कुछ लोग केवल बिल्डिंग देखने भी आए। अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजश्री बेहरा, डॉ. योगीराज जोशी समेत कई अधिकारियों ने अस्पताल में निरीक्षण किया। व्यवस्थाएं जांची।

... और परेशान हो गई चंद्रकला
वायरल व डायबिटीज अत्यधिक होने के कारण सुबह एमजीएच की इमरजेंसी में साढ़े आठ बजे मरीज चंद्रकला दिखाने आई थी, उन्हें इमजरेंसी में देख चिकित्सकों ने समय पूरा होने पर न्यू ओपीडी बिल्डिंग भेज दिया। इस बीच चंद्रकला के पुत्र अनूप से ग्लूकोमीटर में डायबिटीज टेस्ट करने की स्ट्रीप मंगाई गई। लेकिन स्ट्रीप न्यू ओपीडी बिल्डिंग लाने पर पहले दिन अस्पताल स्टाफ ने कह दिया ग्लूकोमीटर लाया जा रहा है, इस बीच पैसों से बाहर खरीदी स्ट्रीप लेकर चंद्रकला वापस घर लौट आई।

ये दिक्कतें भी सामने आई

अस्पताल में घुसते ही लोगों को एकबारगी मेडिसिन व सर्जरी ओपीडी तक पहुंचने में दिक्कत आई। कइयों को लैब तक नहीं दिखी। इसके अलावा कुर्सियां कम होने के कारण कई मरीज लंबी कतार में परिजनों को भेज खुद नीचे बैठे भी देखे गए। एक्सरे कक्ष में पहले दिन एक्सरे सुविधा नहीं थी, लेकिन कुछ दिन में पोर्टेबल एक्सरे भी लगेंगे। अधीक्षक डॉ. बेहरा ने कहा कि एक-दो दिन में सभी परेशानियों को लेकर समाधान हो जाएगा, ताकि मरीजों को दिक्कत नहीं आए।

पत्रिका ने उठाया था मुद्दा

बनने के बाद बाद बंद इस सम्पदा को खोलने को लेकर राजस्थान पत्रिका ने सिलसिलेवार समाचार प्रकाशित कर मुददा उठाया। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने इस भवन में ओपीडी शुरू करने का निर्णय किया और आखिरकार जनता को इस सुविधा का लाभ मिल सकेगा।

Updated on:
18 Oct 2021 11:14 pm
Published on:
18 Oct 2021 11:14 pm