
राजेन्द्र सिंह देणोक
जोधपुर. जनता का पैसा जनता पर खर्च करने में भी जनप्रतिनिधि कंजूसी बरत रहे हैं। विधायक की अनुशंसा पर हर विधानसभा क्षेत्र में सालाना पांच करोड़ रुपए के विकास कार्य कराए जा सकते हैं। इसके बावजूद अधिकांश विधायकों के हाथ तंग है। यह तो तब है जब विधायकों का यह कार्यकाल ढलान पर है। मजे की बात यह है कि दस में से सात विधायक कांग्रेस पार्टी से है जो सरकार में है। बजट कम खर्च करने वालों में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधायक दिव्या मदेरणा और सूर्यकांता व्यास भी शामिल है।
भाजपा-आरएलपी आगे, कांग्रेसी पीछे
विधायक कोष का उपयोग करने में फलोदी से भाजपा विधायक पब्बाराम विश्नोई सबसे आगे है। उन्होंने तय बजट से भी ज्यादा अनुशंसा कर दी। दूसरा नंबर भोपालगढ़ से राष्ट्रवादी लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) विधायक पुखराज गर्ग का है। हालांकि, सूरसागर से भाजपा विधायक सूर्यकांता व्यास ने भी विधायक कोष का संतोषजनक उपयोग नहीं किया। शेष सातों कांग्रेसी विधायक विधायक कोष खर्च करने में पीछे हैं।
पंचायतराज लगातार भेज रहा पत्र
विधायक निधि के उपयोग को लेकर पंचायतराज विभाग लगातार पत्र लिख आगाह कर रहा है। हाल ही में विभाग ने फिर विधायक कोष का निर्धारित समय में उपयोग करने के लिए कहा है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक सुराणा ने बताया कि हमें अनुशंसा मिलते ही आगे की प्रक्रिया शुरू कर देते हैं।
किसने कितना खर्च किया
विधायक - आवंटित राशि - अनुशंसा
दिव्या मदेरणा : ओसियां - 1425 - 335.979
अशोक गहलोत :सरदारपुरा - 1425 - 391.772
सूर्यकांता व्यास : सूरसागर - 1425 - 915.942
पब्बाराम विश्नोई : फलोदी - 1425 - 1514.308
पुखराज गर्ग: भोपालगढ़ - 1425 - 1346.278
हीरालाल मेघवाल : बिलाड़ा - 1425 - 1373.906
मनीषा पंवार : जोधपुर शहर - 1425 - 1275.499
मीनाकंवर : शेरगढ़ - 1425 - 1028.030
महेन्द्र विश्नोई: लूनी - 1425 - 1045.934
किशनाराम विश्नोई : लोहावट - 1425 - 1196.527
(राशि लाखों में)
पैसा जनता को समर्पित
जनता का पैसा है खर्च करने में क्यों कमी रखें। मैंने अपने बजट का पूरा उपयोग कर लिया है। सरकार की गाइड लाइन के अनुसार क्षेत्र में जरूरत के अनुसार विकास कार्यों की अनुशंसा की है।
पब्बाराम विश्नोई, विधायक, फलोदी
80 फीसदी स्वीकृतियां दीं
80 फीसदी स्वीकृतियां जारी की है। हमारा प्रयास रहता है कि ज्यादा से ज्यादा विकास हों। कुछ काम आवश्यक दस्तावेज की कमी के कारण रुके हुए हैं। वे भी जल्द ही स्वीकृत हो जाएंगे।
मीनाकंवर, विधायक, शेरगढ़