
चाकू दिखा मोबाइल लूटा, व्हॉट्सऐप कॉल कर रुपए के लिए धमकी
- भदवासिया ओवरब्रिज के नीचे वारदात
जोधपुर.
महामंदिर थानान्तर्गत भदवासिया ओवरब्रिज के नीचे चाकू से डरा-धमकाकर कुछ युवकों ने एक युवक से मोबाइल लूट लिया और अब व्हॉट्सऐप कॉल कर रुपए देने के लिए ब्लैकमेल कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार महामंदिर तीसरी पोल के बाहर दाधीच नगर निवासी एक युवक किसी कार्यवश गत 17 सितम्बर की रात दो बजे भदवासिया ओवरब्रिज के नीचे गया था, जहां मौजूद कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट की और चाकू से डरा-धमकाकर मोबाइल व कुछ रुपए लूट लिए। इतना ही नहीं, दूसरी सिम लेने पर लुटेरे उसे व्हॉट्सऐप कॉल कर रुपए मांगकर ब्लैकमेल करने लगे। साथ ही वह सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने की धमकी देकर भी ब्लैकमेल करने का प्रयास कर रहा है। इस पर युवक थाने पहुंचा और अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कराया। फिलहाल लुटेरों का पता नहीं लग पाया है।