
जोधपुर.
सरदारपुरा थानान्तर्गत 5वीं रोड से 12वीं रोड चौराहे के बीच राह चलते शिक्षक से मोटरसाइकिल सवार दो जनों ने मोबाइल लूट लिया। अभय कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेंटर के अधीन सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार व एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया। वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व मोबाइल भी बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि जैसलमेर में झिनझिनयाली निवासी शिक्षक कलसिंह पुत्र मानसिंह राजपुरोहित रविवार शाम 5वीं रोड से 12वीं रोड चौराहे की तरफ पैदल जा रहा था। रास्ते में मोटरसाइकिल सवार दो जने पास आए और उसके हाथ से कीमती मोबाइल लूटकर भाग गए। पीडि़त चिल्लाने लगा और पीछा कर पकडऩे का प्रयास किया, लेकिन लुटेरे पकड़ में नहीं आए। इस बीच, उसने राहगीर की मदद से पुलिस कन्ट्रोल रूम में सूचना दी।
थानाधिकारी मनीष देव व अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। अभय कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेंटर अधीन सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए गए। दो जनों को हिरासत में लिया। वारदात स्वीकारने पर ब्यावर निवासी सुरेन्द्र पुत्र निम्बसिंह रावत को गिरफ्तार व उसके बाल अपचारी साथी को संरक्षण में लिया गया।