जोधपुर

मानसून की पहली बारिश से पूरा मारवाड़ भीगा

जोधपुर में आज भी रहेगा बादल-बरसात का दौर
less than 1 minute read
Jun 25, 2020
मानसून की पहली बारिश से पूरा मारवाड़ भीगा
मानसून की पहली बारिश से पूरा मारवाड़ भीगा

जोधपुर. दक्षिणी-पश्चिमी मानसून बुधवार को मारवाड़ पहुंच गया। यहां जैसलमेर, पाली, बाड़मेर, जालोर, सिरोही और जोधपुर के कई स्थानों पर हल्की से लेकर मध्यम बरसात हुई। जोधपुर में शाम तक 6.1 मिलीमीटर बारिश मापी गई।

मौसम विभाग ने जोधपुर को छोडक़र शेष पांचों जिलों में मानसून के आगमन की घोषणा सुबह ही कर दी। विभाग के अनुसार उत्तरी-पश्चिमी राजस्थान से लेकर बिहार तक एक ट्रफ बना हुआ है जिससे मानसून की बंगाल की खाड़ी की शाखा तेजी से बांसवाड़ा और झालावाड़ के रास्ते प्रदेश में प्रवेश कर गई। यह ट्रफ गुरुवार तक हिमालय की तराई के क्षेत्रों में शिफ्ट हो जाएगा यानी २४ घण्टे में मानसून के और आगे बढऩे की संभावना है।

दिनभर तपिश के बाद शाम को बरसे बादल
सूर्यनगरी में बुधवार सुबह पारा 29 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में 74 प्रतिशत नमी होने की वजह से सुबह से ही भयंकर उमस बनी हुई थी। दोपहर को पारा 37.2 डिग्री तक पहुंचा लेकिन उमस भरी भीषण गर्मी ने लोगों को झकझोर के रख दिया। लोग गर्मी से बेहाल हो गए। अपराह्न 4.30 बजे शहर में अचानक से काले बादल घिर आए। काली घटाओं के कारण ठंडी हवा चलने लगी। कुछ ही देर में तेज बौछारें शुरू हो गई।

शहर के अधिकांश हिस्सों में हल्की से लेकर मध्य में बरसात हुई। कुछ जगह सडक़ों पर पानी बहने लग गया। मौसम विभाग ने शाम 5.30 बजे तक 6.1 मिलीमीटर बरसात मापी। जोधपुर के अलावा जिले के बेलवा, पीपाड़, शेरगढ़, बिलाड़ा और ओसियां क्षेत्र में भी बरसात हुई।

Published on:
25 Jun 2020 01:58 am