
जोधपुर। कोरोना संक्रमण को हराने के लिए शुरू की गई मुहिम जोधपुर में रंग लाने लगी है। जिला प्रशासन, नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन की समाजसेवी संगठनों के साथ मिलकर शुरू की गई मुहिम के तहत अब तक ढाई लाख से ज्यादा मास्क वितरित किए जा चुके हैं। नतीजन प्रदेश का पहला मास्क बैंक स्थापित करने वाला जोधपुर अब मास्क कवरेज के मामले में भी सिरमौर बनने की तैयारी में है।
जोधपुर में जीवनरक्षा मिशन के साथ साथ कोरोना को पराजित करने के लिए नो मास्क-नो एन्ट्री, नो मास्क-नो सर्विस और टोको-कोरोना रोको जैसे अभियान चलाए जा रहे हैं । नगर निगम के आयुक्त रोहिताश्व तोमर के अनुसार अब तक नगर निगम ने विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से 2,60000 मास्क वितरित कर दिए हैं। अभियान के तहत मंगलवार को शहर की सभी मजदूर मंडियों में श्रमिकों को निःशुल्क मास्क वितरित किए गए। आखलिया चौराहा, पहला पुलिया चौराहा, बासनी चौराहा, भाटी चौराहा पर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों ने एक ही दिन में 10,000 मास्क वितरित किए।
मास्क जागरूकता कार रैली आज
जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस प्रशासन के साथ अब जोधपुर हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्ट फेडरेशन जागरूकता अभियान के साथ जुड़ा है। लोगों को कोरोना जागरूक करने के लिए मास्क अवेयरनेस का रैली आयोजित की जा रही है। कार रैली बुधवार सुबह 9 बजे भंडारी एक्सपोर्ट से रवाना होकर सनसिटी एक्सपोर्ट तक जाएगी।