जोधपुर

सर्किट हाउस के कमरे का प्लास्टर अचानक भर-भराकर गिरा, बाल बाल बची राज्यसभा सांसद की पत्नी

सर्किट हाउस के कमरा-5 की छत के कोने के एक हिस्से का प्लास्टर व वॉल सिलिंग रविवार शाम अचानक भर-भराकर गिर गई।
less than 1 minute read
Jun 03, 2018
MP Sushil Kumar Gupta

जोधपुर। सर्किट हाउस के कमरा-5 की छत के कोने के एक हिस्से का प्लास्टर व वॉल सिलिंग रविवार शाम अचानक भर-भराकर गिर गई। गनीमत रही कि वहां मौजूद आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद सुशील कुमार गुप्ता की पत्नी के कोई चोट नहीं आई। कमरे में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद सुशील कुमार गुप्ता व पत्नी ठहरे हुए थे।

जानकारी के अनुसार आम आदमी से राज्यसभा सांसद सुशील कुमार गुप्ता जोधपुर में है। वे पत्नी सुमित्रा देवी के साथ सर्किट हाउस के कमरा-5 में ठहरे हुए थे। शाम को सांसद सुशील पत्रकार वार्ता के लिए कमरे से निकलकर हॉल में आ गए। पीछे पत्नी अकेली ही कमरे में सो रही थी। तभी अचानक कमरे के एक कोने की छत के हिस्से का प्लास्टर वॉल सिलिंग पर गिरा और मलबे का वजन अधिक होने से बड़े हिस्से की वॉल सिलिंग भर-भराकर नीचे आ गई।

मलबा गिरने से अचानक धमाके की आवाज होने व कमरे में धुआं ही धुआं हो जाने से वहां मौजूद राज्य सभा सांसद की पत्नी घबरा गई। वो दौड़कर बाहर निकली और कर्मचारी को अवगत कराया।

सुमित्रा देवी का कहना है कि वो कमरे में सो रही थी तो एकदम आवाज आई। उन्होंने सोचा कि एसी फटा है। तुरंत ही बाहर आकर कर्मचारी को सूचना दी। बाद में राज्यसभा सांसद गुप्ता भी कमरे में आए।

उन्होंने हादसे को लापरवाही का परिणाम करार देते हुए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। बाद में सर्किट हाउस के कर्मचारी मौके पर आए और राज्यसभा सांसद व पत्नी को दूसरे कमरे में शिफ्ट करवाया। हादसे में किसी के चोट नहीं आई है।

Published on:
03 Jun 2018 08:49 pm