जोधपुर

माउंट आबू में पारा 4.4 डिग्री, धूजणी छूटी

Rajasthan Weather Update - जोधपुर में पारा 15 डिग्री से नीचे, सीजन की सबसे ठंडी रात
less than 1 minute read
winter_2020.jpg
प्रतीकात्मक तस्वीर

जोधपुर. उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के असर से प्रदेश में सर्दी तेज हो रही है। अधिकांश स्थानों पर तापमान लुढक़ रहा है। पर्वतीय स्थल माउंट आबू में पारा 4.4 डिग्री पर पहुंच गया। कड़ाके की सर्दी के कारण वहां धूजणी छूट रही थी। देर सुबह तक लोग घरों व होटलों में दुबके रहे।
उधर जोधपुर में तापमान 15 डिग्री से नीचे आकर 14.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम था। बीती रात शहर में इस सीजन की सबसे ठंडी रात थी। तापमान गिरने से सुबह-सुबह सैर सपाटे व काम पर निकलने वाले लोगों को सर्दी से बचाव के लिए मोटे कपड़े पहनने पड़े। दूरदराज के इलाके में अधिक सर्दी महसूस की गई। दोपहर में तापमान 33.1 डिग्री से ऊपर नहीं गया। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी सर्दी का मौसम रहा। जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 16.3 व अधिकतम 33.7 डिग्री रहा। बाड़मेर में रात का पारा 17.3 व दिन का 32.2 डिग्री मापा गया।

सर्दी के कपड़े निकले
शहरवासियों ने सर्दी पडऩे के साथ ही ठंड के कपड़े भी बाहर निकाल लिए हैं। दिवाली की सफाई के साथ-साथ स्वेटर, जैकेट, मफलर, शॉल, कम्बल और रजाइयों को धूप में देकर इन्हें तैयार किया जा रहा है।

चाय की चुस्कियां व नमकीन का सेवन बढ़ा
अब दिन में भी ठंडक घुली रहने के कारण घर व दफ्तर में चाय की चुस्कियों का दौर बढ़ गया है। शहर में नमकीन की दुकानों पर भी बिक्री बढ़ गई है। मिर्चीबड़ा, कचौरी, समोसे अब चाव के साथ खाए जा रहे हैं। इसके अलावा सब्जी मंडी में अब हल्की भी आनी शुरू हो गई, जिसके कारण घर में हल्की की सब्जी का आनंद भी उठाया जा रहा है।

प्रदेश के सर्वाधिक ठंडे मैदानी शहर
स्थान -------- न्यूनतम तापमान
भीलवाड़ा -------- 9.1
चूरू -------- 10.2
वनस्थली -------- 10.2
चितौडगढ़़ -------- 11.4
श्रीगंगानगर -------- 12
कोटा -------- 12

Published on:
02 Nov 2020 06:51 pm