
पीलवा/जोधपुर. जिले के पीलवा में रहने वाला राउमावि फतेहसागर के कनिष्ट लिपिक सहदेवसिंह पुत्र शंकरसिंह भाटी की अज्ञात लोगों ने गला रेतकर हत्या कर दी। हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर परिजन व समाज के लोगों ने मंगलवार देर रात तक शव नहीं उठाया। परिजन का कहना है कि हत्यारों की गिरफ्तारी तक शव नहीं उठाया जाएगा।
मृतक के भाई दरियावसिंह की ओर से दर्ज रिपोर्ट में बताया कि भाई सहदेव सिंह सोमवार प्रात: विद्यालय के काम को लेकर बाइक से फलोदी गया और शाम तक नहीं लौटा तो फोन पर सम्पर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो पाई। तब फलोदी थाना व लोहावट थाने में सूचना दी गई। उसकी अंतिम फोन लोकेशन जालोड़ा में आई। इस पर परिजन ने रात को ही जालोड़ा ग्राम पंचायत के आसपास तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने से कोई पता नहीं लग पाया। उन्होंने मंगलवार सुबह फिर तलाश की तो जालोड़ा-पीलवा ग्रेवल सडक़ के पास राजीव गांधी लिफ्ट नहर के पास बबूल की झाडिय़ों में मोटरसाइकिल दिखाई दी। कुछ ही दूरी पर खून से लथपथ शव भी मिल गया।
हत्या का पता लगते ही पीलवा, रावतनगर, जालोड़ा, फलोदी, फतेहसागर, सदरी, दयाकोर कुशलावा, कोलू, देचू आदि क्षेत्र से ग्रामीण घटनास्थल पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (फलोदी) जसाराम बोस, वृत्ताधिकारी (फलोदी) हरफुलसिंह चौधरी, लोहावट थानाधिकारी हरिसिंह राजपुरोहित मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
हत्यारों के गिरफ्तारी की मांग पर अड़े ग्रामीण
भारी संख्या में एकत्रित ग्रामीणों एवं परिजनों को पुलिस केआला अधिकारियों ने कई बार वार्ता कर पोस्टमार्टम के लिए सहमति बनाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण व परिजन ने क्षेत्र में बढ़ रही हत्या व अन्य अपराधों की घटनाओं पर रोष प्रकट करते हुए सहदेवसिंह के हत्यारों की गिरफ्तारी नही होने तक शव को उठाने से इनकार कर दिया।
इनका कहना है
पुलिस को सूचना मिलते ही संदिग्धों की पड़ताल व संदेह के आधार पर दबिश दी जा रही हैं। शीघ्र ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- जसाराम बोस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (फलोदी)।