जोधपुर

मरम्मत कार्य को लेकर भतीजे के साथ मारपीट में चाचा की मौत

- भतीजा गिरफ्तार, मां व बहन भी आरोपी
less than 1 minute read
Oct 12, 2018
murder of uncle due to dispute of house maintenence
मरम्मत कार्य को लेकर भतीजे के साथ मारपीट में चाचा की मौत


जोधपुर.
कमला नेहरू नगर के सेक्टर डी स्थित मकान में मरम्मत कार्य को लेकर पारिवारिक विवाद में गुरुवार को एक व्यक्ति का दम टूट गया जबकि पत्नी व पुत्र घायल हो गए।

प्रतापनगर थानाधिकारी पुष्पेन्द्र आढ़ा के अनुसार सेक्टर डी स्थित एक मकान में मोहम्मद मोइन (४२) पुत्र मोहम्मद शकूर व भतीजा यासीन परिवार सहित रहते हैं। ऊपरी हिस्से में रहने वाले मोहम्मद मोइन ने मकान की मरम्मत का कार्य शुरू करवाया। इसको लेकर गुरुवार सुबह भतीजे के साथ विवाद हो गया और दोनों मारपीट पर उतारू हो गए। मारपीट में मोइन, उसकी पत्नी नसरीन व पुत्र सोहेल घायल हो गए। उन्हें मथुरादास माथुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मोइन को मृत घोषित कर दिया। जबकि नसरीन व पुत्र सोहेल को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस ने यासीन, उसकी मां जैबून्निसा, व यासीन की बहन नरगिस बानो के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। पोस्टमार्टम के बाद मोइन का शव परिजन को सुपुर्द कर दिया गया। प्रारम्भिक पूछताछ के बाद रात को आरोपी भतीजे यासीन (३५) पुत्र अब्दुल हकीम को गिरफ्तार किया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मृत्यु का कारण
पुलिस का कहना है कि मृतक मोइन हार्ट का मरीज था। सात-आठ साल पहले हार्ट का ऑपरेशन हुआ था और पेस मेकर लगा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मृत्यु का कारण स्पष्ट होगा। की वजह मारपीट रही अथवा कोई और कारण। अभी तक पुलिस मारपीट में अंदरूनी चोट को मौत का कारण मान रही है।

Published on:
12 Oct 2018 12:33 am