
जोधपुर .भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने जेडीए ठेकेदार संघ के अध्यक्ष को बगैर तखमीना व नक्शे के रॉक कटिंग का कार्य कर एक करोड़ रुपए का भुगतान लेने के मामले में बुधवार को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। इस मामले में जालोर जिले के तत्कालीन एसडीएम पीएस नागा सहित अब तक छह जने गिरफ्तार हो चुके हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) नारायणसिंह ने बताया कि प्रकरण में जेडीए ठेकेदार संघ के अध्यक्ष नरेंद्रसिंह सोलंकी भी आरोपी है, जिन्हें गत तीन नवम्बर को एसीबी ने राजसमंद से गिरफ्तार किया था। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद वह न्यायिक अभिरक्षा में था। उसे पैथेलाव नाडी क्षेत्र में निर्माण कार्य के नाम पर एक करोड़ रुपए की गड़बड़ी के आरोप में बुधवार को प्रोडक्शन वारंट पर जेल से गिरफ्तार किया गया। आरोपी से प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों के सम्बंध में पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि जेडीए की बैठक में बगैर कार्यवाही विवरण के ढाई सौ करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृतियां जारी करने के मामले में एसीबी ने गत १७ मार्च को जालोर के तत्कालीन एसडीएम पीएस नागा को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा जेडीए के पूर्व चेयरमैन राजेंद्रसिंह सोलंकी, अभियंता अरुण पुरोहित, जगदीश छंगाणी व ठेकेदार भंवरसिंह चौधरी को गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि जेडीए के तत्कालीन निदेशक (अभियांत्रिकी) केके माथुर को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिली हुई है।
बिना तखमीना व नक्शे के कार्य कर उठाए एक करोड़
एएसपी नारायणसिंह का कहना है कि जेडीए की बैठक में बगैर कार्यवाही विवरण के ढाई सौ करोड़ रुपए के कार्य की वित्तीय स्वीकृतियां जारी कर दी गई थीं। इनमें आरोपी नरेंद्रसिंह सोलंकी की फर्म दुर्गा कंस्ट्रक्शंस ने पैथेलावनाडी में रॉक कटिंग का कार्य किया था। इस बारे में जेडीए से न तो तखमीना जारी हुआ था और न ही नक्शा। कार्य के बदले उसने एक करोड़ रुपए का भुगतान भी उठा लिया था।