जोधपुर

जोधपुर में नहीं कोरोना वायरस के नए जीन की पहचान की किट

ब्रिटेन से आए 73 लोगों में 40 से अधिक की रिपोर्ट निकली नेगेटिव
less than 1 minute read
Dec 27, 2020
जोधपुर में नहीं कोरोना वायरस के नए जीन की पहचान की किट
जोधपुर में नहीं कोरोना वायरस के नए जीन की पहचान की किट

जोधपुर. जोधपुर में कोरोना का नया स्ट्रेन आ गया तो नई मुसीबत खड़ी हो सकती है। उस स्ट्रेन की जांच जोधपुर के डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज में नहीं हो पाएगी। इसका कारण ये है कि नए स्ट्रेन में जीन की पहचान के लिए अलग से किट चाहिए। जो किट जोधपुर के पास नहीं है। एेसे में फिर जोधपुर को पूणे वायरोलॉजिकल लैब पर निर्भर रहना होगा। हालांकि जोधपुर में ब्रिटेन से आए ७३ लोगों में से अब तक ४० से अधिक की जांच शहर व देहात क्षेत्र में की गई, सभी की रिपोर्ट नेगेटिव निकली है। यदि इनमें से कोई संक्रमित निकलता है तो उनके सैंपल लेकर पूणे वायरोलॉजिकल लैब में जांच के लिए भेजे जाएंगे।
डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज में माइक्रोबायोलॉजी विभाग के सीनियर प्रोफेसर डॉ. पीके खत्री ने बताया कि नया किट थोड़ा अलग है और महंगा है। फिलहाल लैब में राज्य सरकार की गाइड लाइन अनुसार कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा जोधपुर में रैंडम सैंपलिंग की जा रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि जोधपुर में नया स्ट्रेन आया तो नहीं। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. प्रीतमसिंह सांखला के निर्देशन में शहर व जोधपुर जिले में विभिन्न लोगों के सैंपल लिए गए हैं।

एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग का अभी तय नहीं
एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग होगी या नहीं, ये अभी तय नहीं हुआ है। जोधपुर एयरपोर्ट निदेशक जीके खरे ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से एयरपोर्ट पर यात्रियों की स्क्रीनिंग का पत्र मिला है, चिकित्सा विभाग की टीम स्वयं एयरपोर्ट पर यात्रियों की स्क्रीनिंग करेगी। सीएमएचओ डॉ. बलवंत मंडा ने कहा कि जोधपुर एयरपोर्ट डोमेस्टिक है। यात्री पहले से ही देश में उतरते ही जांच करवाकर आ रहे है। इसके बाद टीम ट्रेसिंग कर उनकी दोबारा घर पर ही जांच करवा रही है।

Published on:
27 Dec 2020 05:30 pm