जोधपुर

Rajasthan: कार पलटने से युवती की मौत के मामले में आया नया मोड़, परिजन बोले- कन्याभोज की कहकर घर से निकली थी बेटी

Jan 30, 2026
Phalodi
सड़क किनारे पलटी कार व मृतका संतोष पुनिया। फोटो: पत्रिका

फलोदी। राजस्थान के फलोदी जिले में कार पलटने से युवती की मौत मामले में अब नया मोड़ आ गया है। मृतका के परिजनों ने इसे हादसा नहीं, बल्कि षड्यंत्रपूर्वक की गई हत्या बताते हुए चाखू पुलिस थाने में रिपोर्ट देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि चीमाणा से केलनसर जाने वाले सड़क मार्ग पर बुधवार को केलनसर निवासी एक युवती की मौत हो गई थी और कार सड़क किनारे पलटी हुई मिली थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक कार केलनसर से चीमाणा की ओर जा रही थी। वाहन अनियंत्रित होकर खेत की तारबंदी से टकराने के बाद पलट गया, जिसमें सवार संतोष पुनिया पुत्री कंवरलाल निवासी कोडिया नाड़ा, केलनसर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल आऊ उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती का शव फलोदी में रखवाया गया था। गुरुवार सुबह परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम से पूर्व युवती की हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट मौके पर पहुंचे सीआई प्रेमाराम को सौंपी गई।

फोन पर बातचीत करता था एक युवक

रिपोर्ट में मृतका के पिता कंवरलाल ने बताया कि उनकी पुत्री संतोष (25) घर पर ही रहती थी। चिमाणा निवासी एक युवक उससे फोन पर बातचीत करता था, जिसे मना करने पर आरोपी ने धमकियां दीं। सामाजिक मान-मर्यादा को देखते हुए उन्होंने उस समय पुलिस में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। बाद में आरोपी की ओर से रिश्तेदारों को भी धमकियां दी जाने लगीं।

बेटी पर जबरन शादी का दबाव

उन्होंने आरोप लगाया कि 28 जनवरी को परिवार में कन्याभोज का आयोजन था। इसके लिए ही बेटी घर से निकली, लेकिन आरोपियों ने मिलकर जबरदस्ती उसका अपहरण कर लिया। आरोप है कि उसे डराकर जबरन शादी के लिए दबाव बनाया गया। जब संतोष ने शादी से इनकार किया तो आरोपियों ने उसे जबरदस्ती चालक सीट पर बैठाकर वाहन को तारबंदी व खूटों से टकराकर पलटवा दिया, ताकि घटना को हादसे का रूप दिया जा सके।

Updated on:
30 Jan 2026 01:43 pm
Published on:
30 Jan 2026 01:18 pm