जोधपुर

नवविवाहिता को ससुराल में बंधक बना सामूहिक बलात्कार के बाद डाला वेश्यावृति का दबाव, विरोध करने पर गर्म सलाखों से दागा

पति व ससुराल के अन्य लोगों पर एफआइआर दर्ज  
less than 1 minute read
Rape
Rape

पीपाड़सिटी(जोधपुर). जिले के पीपाड़ शहर उपखण्ड क्षेत्र में एक विवाहित शादी के दो सप्ताह बाद ही पति व ससुराल पक्ष के कुछ लोगों के विरुद्ध सामूहिक बलात्कार व अन्य लोगों से अनैतिक कृत्य के लिए दबाव डालने का आरोप लगाते हुए पीपाड़ शहर थाने में मामला दर्ज कराया है।


सीओ (बिलाड़ा) मुमताज खान के अनुसार पीपाड़ शहर के नजदीक रहने वाली महिला की शिकायत पर पति व ससुराल के आठ लोगों के विरुद्ध सामूहिक बलात्कार व कुकर्म का मामला दर्ज किया गया है। पीडि़ता बाड़मेर जिले की है और गत 12 मई को उसकी शादी हुई थी। इसी दिन उसके भाई की शादी उसकी ननद के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के तीन दिन बाद ही पति उसके साथ बलात्कार व कुकर्म करने लगा था। उसने युवती को ससुराल के एक कमरे में बंधक बना दिया ओर बाहरी लोगों से भी सामूहिक बलात्कार कराया। इसका विरोध करने पर गर्म सलाखों से दागा गया। आरोपियों ने विवाहिता से मारपीट कर वेश्यावृत्ति करने का दबाब भी डाला। ऐसा न करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

ऐसे रचा षड्यंत्र
पुलिस के अनुसार गत 4 मई को आरोपी आमने-सामने विवाह कराने के लिए पीडि़ता के घर गए थे और पिता से इस बारे में बात की थी। आरोपियों ने युवती के भाई की सगाई अपने परिवार की नाबालिग लडक़ी से करने की बात भी की थी। आर्थिक स्थिति खराब होने से पिता ने एक साल बाद शादी करने का आग्रह किया था, लेकिन आरोपियों ने जालसाजी कर न सिर्फ सगाई करवा दी थी, बल्कि शादी का खर्चा देने और मुसीबत में सहयोग का झांसा देकर गांव में सावा लिखवा दिया और शादी करवा दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

Published on:
31 May 2019 12:13 pm