जोधपुर

नहीं पकड़े गए शिकारी तो धरने पर बैठ गए वन्यजीव प्रेमी

उद्ट गांव की रोही में हुए हिरण शिकार मामले में सभी शिकारियों को गिरफ्तार करने व वन अधिकारियों के विरूद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर रविवार को वन्यजीव प्रेमियों ने चाखु थाने के समक्ष धरना देकर प्रदर्शन किया।
less than 1 minute read
Deer Hunting Case
नहीं पकड़े गए शिकारी तो धरने पर बैठ गए वन्यजीव प्रेमी

बाप (जोधपुर). उद्ट गांव की रोही में हुए हिरण शिकार मामले में सभी शिकारियों को गिरफ्तार करने, शिकार की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने व कार्य के प्रति लापरवाही बरत रहे वन अधिकारियों के विरूद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर रविवार को वन्यजीव प्रेमियों ने चाखु थाने के समक्ष धरना देकर प्रदर्शन किया।

सूचना पर सहायक वन संरक्षक नरेन्द्रसिंह शेखावत, वनरक्षक पूनाराम व सहायक वनपाल सुभागाराम चाखु पहुंचे तथा धरना दे रहे वन्यजीव प्रेमियों से वार्ता प्रारंभ की। वन्यजीव प्रेमियों ने रोष जाहिर कर बताया कि बाप ब्लॉक वन्यजीव बाहुल्य है। यहां आए दिन हिरण शिकार की घटनाएं होती है। इस मौके महंत भगवानदास जांबा, वन्यजीव प्रेमी पांचाराम विश्नोई, बलदेवानंद, श्रीराम विश्नोई, बाबूराम विश्नोई आदि उपस्थित थे।

भेजा मांग पत्र

वन्यजीव प्रेमियों ने वन मंत्री व विभाग के आला अधिकारियों को मांग पत्र भेजा। पत्र में उद्ट के पास हुए शिकार प्रकरण की जांच करवाकर सभी शिकारियों को गिरफ्तार करने, शिकारी को लेकर भागे वनकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने, कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले फलोदी रेंजर जेठमालसिंह सोढा के खिलाफ विभागीय कार्यवाही कर निलंबित करने, सहायक वन संरक्षक शेखावत के खिलाफ कार्रवाई करने, चाखु व भोजासर में रेस्क्यू सेन्टर खोलने, सप्ताह में दो बार गश्त की मांग की गई।
क्षेत्रीय वन अधिकारी बाप नखताराम भील ने बताया कि उद्ट शिकार प्रकरण में गिरफ्तार शिकारी भाखरसिंह राजपूत को रविवार को एसीजेएम कोर्ट फलोदी में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को २१ जनवरी तक पीसी रिमाण्ड पर भेजने के आदेश दिए। इन्होंने कहा बाप ब्लॉक बड़ा क्षेत्र है। वन विभाग के पास संसाधनों की कमी है तथा स्टाफ की कमी है। शिकार की सूचना मिलते ही मौके पहुंचते है। बाप क्षेत्र में पूर्व में हुई शिकार की घटनाओं में विभाग ने शिकारियों को गिरफ्तार कर उचित कानूनी कार्रवाई की है। -नखताराम भील, क्षेत्रिय वन अधिकारी बाप।

Published on:
21 Jan 2019 12:29 am