
जोधपुर. बैंकों में लंबी कतारे देखकर खाता होने के बावजूद आप पैसे निकालने से डरते हैं तो अब इसका समाधान हो गया है। आप अपने बैंक खाते का पैसा अपने नजदीकी डाकघर से निकाल सकते हैं। इसके लिए आपको केवल आधार कार्ड की जरूरत होगी। डाक विभाग ने गुरुवार से पूरे देश में आधार इनेबल पेमेंट सिस्टम (एईपीएस) योजना शुरू कर दी है। विभाग के इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (आईपीपीबी) के एक साल पूरा होने के मौके पर यह योजना शुरू की गई है। जोधपुर में 406 डाकघर है। बैंक खाता धारक अपने बैंक खाते का पैसा किसी भी डाकघर से अब निकाल सकेंगे। ग्राहक का बैंक खाता आधार से जुड़ा होना चाहिए। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में वृद्धावस्था पेंशन और नरेगा के भुगतान अब घर बैठे ही प्राप्त कर सकते हैं।
इंडिया पोस्ट पेमेंटस बैंक ने मनाई पहली सालगिरह
डाकघर के बैंक यानी आईपीपीबी को 1 सितंबर को एक साल पूरा हो गया। आईपीपीबी के एक साल पूरा होने के मौके पर शास्त्री नगर डाकघर में समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें केक काटकर एक दूसरे को बधाइयां दी गई। जोधपुर डाक मण्डल के वरिष्ठ अधीक्षक एसडी शेख ने बताया कि आईपीपीबी ने एक वर्ष के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में नए आयाम रचे हैं। लोगों को आईपीपीबी मोबाइल बैंकिंग एप से बिजली, पानी, डिश टीवी, मोबाइल रिचार्ज एवं डाकघर तथा अन्य बैंको मे रुपए ट्रान्सफर जैसी सुविधाए घर बैठे ही मिल रही है। पहली सालगिरह पर आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 47 ग्रामीण डाक सेवकों को बाहुबली पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस मौके पर वरिष्ठ डाकपाल ओपी सोडिया, सहायक अधीक्षक भागीरथ सिंह राजपुरोहित, रामलाल मूंड, अनिल कौशिक, आईपीपीबी शाखा प्रबन्धक लता चौहान, क्षेत्रीय विक्रय प्रबन्धक पारसमल सुथार, निरीक्षक डाकघर संदीप मोदी, पंकज बोहरा, सहायक प्रबन्धक दिव्यांका, अंशिका, भरत देवासी, पंकज पारीक, डाक अधिदर्शक रामकुमार, अशोक कुमार, रामेश्वर, कालूराम, मदन लाल सहित डाक विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।