
जोधपुर.
प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘काल करे सो आज कर, आज करे सो अब’ के आधार पर काम करना होगा। जिला कलक्टर ने इसके लिए सभी सेक्शन और कार्यालय में बोर्ड लगवाए हैं। इसके अलावा आमजन की सुविधा के लिए सभी कार्यालयों के बाहर भी सूचना पट्ट लगवाए हैं जिन पर वहां होने वाले काम की सूची लगाई जाएगी। इससे लोगों को कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को पेंडेंसी कम करने के लिए ‘आज का काम आज ही करें’ की थीम पर काम करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए सभी सेक्शन में बोर्ड लगाए गए हैं। इनमें कर्मचारियों को प्रतिदिन आने वाले फाइलों/पत्रों की संख्या, प्रस्तुत फाइलों/पत्रों की संख्या, निस्तारित और शेष फाइलों/पत्रों की संख्या भरनी होगी। अधिकारी ऑफिस से जाने से पहले प्रतिदिन के काम की समीक्षा करेंगे। इससे अधिकारी और कर्मचारी अपने काम की समीक्षा कर सकेंगे। आमजन भी कार्यालयों की कार्यशैली और फाइलों की पेंडेंसी जान सकेंगे।
लोगों को भटकना ना पड़े
जिला प्रशासन के कई कार्यालयों के बाहर सूचना पट्ट नहीं है। इस कारण ग्रामीण क्षेत्र से आए लोगों का काफी समय कार्यालय ढूंढने में जाया हो जाता है। कार्यालय मिल जाए तो सम्बधित कमरा ढूंढने में पूरे कार्यालय के चक्कर काटने पड़ते हैं। लोगों की परेशानी दूर करने के लिए जिला कलक्टर ने सभी विभागों के सेक्शन व कार्यालयों के बाहर वहां होने वाले काम की सूची के बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं।
आज का काम, आज ही करें
‘आज का काम आज ही करने की थीम’ पर सभी विभागों में बोर्ड लगवाए है। दिनभर काम करने के बाद अधिकारियों को पता रहे कि कितना काम पेंडिंग रहा है। इससे वे पेंडिंग काम करके ही ऑफिस से जाएंगे। किसी भी कार्यालय में पेंडेंसी नहीं रखने के निर्देश दिए हैं।
प्रकाश राजपुरोहित, जिला कलक्टर