
जोधपुर।
पंजाब के कुख्यात बदमाश लॉरेंस बिश्नोई के शूटर की धमकियों से आशंकित जिले के हार्डकोर व हिस्ट्रीशीटर ने अब पुलिस की शरण ली है। शूटरों से जान का खतरा होने की आशंका के चलते हार्डकोर की पत्नी ने पुलिस कमिश्नर और पुलिस उपायुक्त पश्चिम को परिवाद सौंपकर सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस उसके मकान व आवासीय कॉलोनी में गश्त कर रही है।
दरअसल, गत दिनों केन्द्रीय जांच एजेंसियों से लॉरेंस बिश्नोई व रोहित गोदारा गिरोह के शूटरों के राज्य में होने की सूचना मिली थी। जोधपुर में भी एक बार फिर गैंगवार की आशंका होने लगी थी। मूलत: भाटेलाई पुरोहितान हाल चौपासनी बाइपास पर वीतराग सिटी निवासी हार्डकोर कैलाश मांजू पुत्र रामचन्द्र बिश्नोई को भी जान के खतरे की आशंका थी। पुलिस ने तुरत-फुरत में वीतराग सिटी के मुख्य गेट, लिफ्ट व भूतल में पुलिसकर्मी तैनात कर दी थी। जो मंगलवार को हटाई गई। हालांकि पुलिस लगातार आवासीय कॉलोनी की गश्त कर रही है।
इस बीच, कैलाश मांजू की पत्नी प्रियंका बिश्नोई पुलिस कमिश्नर रविदत्त गौड़ के कार्यालय में पेश हुईं और पति की जान को खतरा होने की आशंका जताई। वहां से उन्हें डीसीपी पश्चिम कार्यालय भेजा गया, जहां डीसीपी गौरव यादव को परिवाद पेश कर पति की सुरक्षा की मांग की।
रिश्तेदार लॉरेंस गिरोह से मिला, साजिश रचने का अंदेशा
पुलिस को सौंपे परिवाद में हार्डकोर की पत्नी ने पति के एक रिश्तेदार पर लॉरेंस गिरोह से मिलकर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। रिश्तेदार गांव में रहता है। उसके कनाडा में बैठे लॉरेंस के खास गुर्गे गोल्डी बरार के सम्पर्क में होने और हत्या के लिए शूटर बुलाए जाने की आशंका जताई गई है। पत्नी का आरोप है कि इस रिश्तेदार ने कुछ समय पहले भी पति की हत्या के लिए दो शूटर जोधपुर में ठहराए थे, लेकिन वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके थे। बाद में इन शूटरों को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
सरपंच और कई अन्य पर गोपनीय नजर
लॉरेंस के शूटरों के राज्य व शहर में आने की आशंका के बाद से पुलिस अलर्ट पर है। गैंगवार टालने के लिए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। हार्डकोर के साथ-साथ एक सरपंच पर भी गोपनीय नजर रखी जा रही है। सरपंच को पकड़कर पूछताछ की गई थी।
---------------------------------------
कुछ इनपुट थे, गश्त की जा रही है...
'26 जनवरी के मद्देनजर कुछ इनपुट थे। उस पर टीमें काम कर रही हैं। हिस्ट्रीशीटर ही नहीं बल्कि कई जगह जाब्ता लगाया गया था। सरपंच की जान को भी खतरे की सूचना थी। हिस्ट्रीशीटर के यहां आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है। पत्नी ने परिवाद देकर पति के लिए सुरक्षा मांगी थी। गश्त की जा रही है।'
गौरव यादव, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) जोधपुर।