
जोधपुर.
मोगड़ा स्थित निजी इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में छात्रावास के एक कमरे में रविवार देर शाम नर्सिंगकर्मी का संदिग्ध हालात में शव मिला। कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस ने परिजन को सूचित कर शव एम्स मोर्चरी में रखवाया।
थानाधिकारी जुल्फिकार अली ने बताया कि नागौर जिले में डेगाना के पास घीराण्डी गांव निवासी दिनेश गिरी (२६) पुत्र भगवत गिरी बासनी थाने के पास स्थित मेडिकल पल्स अस्पताल में नर्सिंगकर्मी था। वह मोगड़ा स्थित जीत कॉलेज परिसर के छात्रावास के कमरे में रहता था। वह अस्पताल में ड्यूटी के बाद रविवार सुबह कमरे आया था और खाना खाकर सो गया था। कमरे में साथ रहने वाला नर्सिंगकर्मी ड्यूटी पर चला गया था। देर शाम तक दिनेश के कमरे से बाहर न आने और ड्यूटी का समय होने पर पड़ोसी युवक को चिंता हुई। उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। मोबाइल में वीडियो रिकॉर्डिंग करते हुए उसने कमरे का दरवाजा खोला और अंदर पहुंचा, जहां कमरे के पलंग पर दिनेश अचेत मिला। उसकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजन को सूचित किया। वीडियोग्राफी करवाकर शव एम्स मोर्चरी में रखवा दिया गया।
नर्सिंगकर्मी के हाथ में लगी थी ड्रिप
नर्सिंगकर्मी का शव पलंग पर मिला। उसके हाथ में ड्रिप चढ़ी हुई थी। जो पूरी हो चुकी थी। वह पूर्व में पाल रोड स्थित एक अन्य निजी अस्पताल में नर्स था। पुलिस को अंदेशा है कि वह मानसिक अवसाद में था। इसी के चलते उसने खुद ड्रिप लगाई होगी और इस दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम में मृत्यु का कारण पता लग पाएगा।