जोधपुर

पार्टी में शामिल वृद्ध की संदिग्ध हालात में मौत

- मृत वृद्ध को छोड़ अन्य लोगों के गायब होने से संदेह- समाज के लोगों ने जताया हत्या का अंदेशा
less than 1 minute read
Jan 04, 2020
पार्टी में शामिल वृद्ध की संदिग्ध हालात में मौत
पार्टी में शामिल वृद्ध की संदिग्ध हालात में मौत

जोधपुर.
बोरानाडा थानान्तर्गत मामाजी का स्थान के पास पक्षियों को चुग्गा डालने के बाद मांस-मदिरा की पार्टी के दौरान एक वृद्ध की संदिग्ध हालात में मृत्यु हो गई। परिजन व भील समाज के लोगों ने हत्या का अंदेशा जताते मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी के बाहर नारेबाजी की।

पुलिस के अनुसार बोरानाडा की भील बस्ती निवासी बुधाराम भील (७०) पुत्र गोरखाराम गुरुवार को मामाजी का स्थान चुग्गा पर चुग्गा डालने के बाद पास ही चार-पांच जनों के साथ पार्टी करने बैठ गए। रात को बुधाराम की मृत्यु हो गई। पार्टी में शामिल बाबूराम सोऊ ने पुत्र चतुराराम को फोन कर पिता के नीचे गिरने की सूचना दी। पुत्र व अन्य मौके पर पहुंचे। वहां बुधाराम जमीन पर मृत हालत में पड़े थे और पार्टी में शामिल कोई भी मौजूद नहीं था।
मौके पर पहुंची पुलिस के अनुसार मृतक के ललाट व पांवों में हल्की चोट के निशान मिले। जैकेट शव के नीचे बिछा हुआ था। साफा मोटरसाइकिल में था। मौके पर शराब व बीयर की बोतलों के साथ मांस खाने के साक्ष्य भी मिले। अंदेशा है कि खाने-पीने के दौरान तबीयत बिगड़ी और वो जैकेट उतारकर उस पर लेटे होंगे। रात को शव एमडीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। शुक्रवार सुबह परिजन व समाज के लोग मोर्चरी के बाहर एकत्र हुए और मृत्यु पर संदेह व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग करने लगे। एसीपी मांगीलाल व थानाधिकारी सुनील चारण ने परिजन को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।मृतक के पुत्र चतुराराम की तरफ से मर्ग दर्ज कर बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया।

Published on:
04 Jan 2020 12:49 am