जोधपुर

बंद रास्ता खोलने के लिए रोड पर उतरे, पुलिस ने आवागमन चालू कराया

- सेना की आपत्ति के बाद से रास्ता व सीसी रोड का काम था बंद
2 min read
Oct 12, 2021
बंद रास्ता खोलने के लिए रोड पर उतरे, पुलिस ने आवागमन चालू कराया
बंद रास्ता खोलने के लिए रोड पर उतरे, पुलिस ने आवागमन चालू कराया

जोधपुर.
डिगाड़ी फांटा से डिगाड़ी की तरफ जाने वाला रास्ता बंद होने के विरोध में क्षेत्रवासियों ने सोमवार को जयपुर हाइवे पर प्रदर्शन किया और रास्ता शुरू कराने की मांग की। बनाड़ थाना पुलिस ने समझाइश के बाद क्षेत्रवासियों को हाइवे से हटाया और बंद रास्ते से आवागमन शुरू कराया।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि डिगाड़ी फांटा से डिगाड़ी चौकी जाने वाली रोड पर राज्य सरकार की ओर से सीसी रोड बनाने का कार्य शुरू कराया गया था। इसको लेकर सेना ने आपत्ति जताई थी। कई बार काम रोकने के बाद फिर शुरू हुआ था। एक तरफ सीसी रोड बनने के बाद सेना ने काम रूकवा दिया था। साथ ही रास्ता भी बंद कर दिया गया था। तब से न तो रोड का काम हो रहा है और न ही आवागमन। इससे आक्रोशित क्षेत्रवासी सोमवार को डिगाड़ी फांटा एकत्रित हुए और रास्ता खोलने की मांग को लेकर हाइवे जाम करने लगे। इससे एकबारगी हाइवे पर यातायात बाधित हो गया।
पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्रवासियों से समझाइश की। साथ ही हाइवे से हटाकर यातायात सुचारू कराया। सेना की तरफ से रोका गया रास्ता भी आवागमन के लिए शुरू कराया गया।
क्षेत्रवासियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ कुछ समय पहले जिला कलक्टर को परिवाद सौंप रास्ता खुलवाने की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस की समझाइश पर रास्ते से हटने के बाद जनप्रतिनिधि फिर से कलक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां एडीएम से कार्रवाई की मांग की।
सेना ने दी सड़क बनाने की मंजूरी
खसरा संख्या 63 रक्षा भूमि से सड़क बनाने के लिए सेना ने मंजूरी दे दी है। सेना ने पूर्व में चल रहे मार्ग जो कि चन्द्राकार के हिसाब से बनाने की अनुमति दी है। वही पुराना रास्ता वर्षों से चला आ रहा था। वर्ष 1994-95 में भी चन्द्राकार रोड पर ही पेचवर्क किया गया था, लेकिन वर्ष 2015 में सड़क को सीधा कर दिया गया था। जिससे रक्षा भूमि दो भागों में विभक्त हो गई थी। वर्ष 2019 में छोटे वाले भाग पर कुछ असामाजिक तत्वों ने अनाधिकृत निर्माण किया था। जिसे सेना ने रूकवा दिया था। तब से लेकर अब तक यह जमीन सेना की चौकसी में है। सड़क निर्माण कार्य कुछ समय के लिए काम रुकवाया गया था, लेकिन बाद में अनुमति दे दी थी। इस आवश्यकता के साथ ही डिगाड़ी फांटा से डिगाड़ी चौराहे तक चन्द्राकार सड़क बनाई जाए। सूत्रों के मुताबिक जयपुर में उच्चाधिकारियों से मार्ग रेखा बदलने की अनुमति ली जाएगी।

Published on:
12 Oct 2021 02:03 am