
जोधपुर. जोधपुर में कोरोना ने किस कदर कहर ढाया है, इसका अंदाजा साल 2021 शुरू होने से अब तक की मौतों का आंकड़ा देख लगाया जा सकता है। कोरोना संक्रमण से इस साल अब तक 12 सौ मौतें हो गई। जबकि साल 2020 में 9 सौ जने कोरोना से मरे थे। एम्स में भर्ती जोधपुर निवासी बाबूलाल (42) का निधन हो गया। मृतक 18 जून को भर्ती हुए थे। जोधपुर में कोरोना संक्रमित 22 रोगियों को शुक्रवार को डिस्चार्ज दिया गया। वहीं 17 नए संक्रमण के मामले सामने आए। शहर में संक्रमण के 14 मामले मिले तो देहात में महज 3 संक्रमित सामने आए। शहर में प्रतापनगर व मधुबन जोन छोड़ शेष 7 ब्लॉकों से संक्रमित सामने आए। शास्त्रीनगर जोन में सर्वाधिक 4 संक्रमित मिले। देहात लूणी, मंडोर व बिलाड़ा ब्लॉक में एक-एक संक्रमित मिला। जून महीने के 25 दिन में जोधपुर में 777 रोगी पॉजिटिव आए और 29 मौत हुई हैं। इस साल अब तक 71803 जने संक्रमित, 67196 डिस्चार्ज और 1200 मौतें हुई हैं।
पोस्ट कोविड मौतें जोड़े तो आंकड़ा डेढ़ हजार पार
इस साल अब तक जोधपुर में कोरोना संक्रमण से जहां 12 सौ मौतें हुई हैं, वहीं कोरोना से नेगेटिव होकर लंग फाइब्रोसिस व अन्य व्याधियों के शिकार होकर मरने वालों की संख्या जोड़े तो आंकड़ा डेढ़ हजार पार जा सकता है। जबकि ऐसी मौतों को सरकार ने अपने रिकॉर्ड में नहीं लिया है। इस साल पोस्ट कोविड मौतों ने भी खूब रूलाया है।