जोधपुर

Rajasthan: वन नेशन, वन राशन कार्ड की कवायद अंतिम चरण में

Jodhpur news -आधार सीडिंग का 80 फीसदी काम पूरा, बाकी काम नवम्बर अंत तक पूरा करने का लक्ष्य-अब ई-मित्र व राशन डीलर करवाएंगे सीडिंग
less than 1 minute read
Rajasthan: वन नेशन, वन राशन कार्ड की कवायद अंतिम चरण में
Rajasthan: वन नेशन, वन राशन कार्ड की कवायद अंतिम चरण में

जोधपुर. प्रदेश में वन नेशन वन राशनकार्ड के लिए आधार सीडिंग युद्धस्तर पर हो रही है। अब तक 80 प्रतिशत राशनकार्ड की सीडिंग हो गई है। बाकी 20 प्रतिशत काम 25 नवम्बर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद प्रदेश में संभवत: सीडिंग बंद कर दी जाएगी। पूरी सीडिंग होने के बाद प्रदेश का कोई व्यक्ति, मजदूर या नौकरी पेशा आदमी देश में कहीं पर जाता है तो उसे नया राशनकार्ड बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

केंद्र सरकार की इस योजना के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा योजना (एनएफएसए) के लाभार्थी देशभर में अपने आधार नम्बर के अनुसार कहीं पर भी बसने पर बिना नया राशन कार्ड बनाए लाभ ले सकेंगे। प्रदेश में करीब 4.30 करोड़ खाद्य सुरक्षा लाभार्थी हैं। मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने सभी जिला कलक्टर्स और खाद्य विभाग को सीडिंग का काम नवम्बर में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

अब ई-मित्र व राशन डीलर कराएंगे सीडिंग
आधार सीडिंग का कार्य प्रदेश के ई-मित्र पर होगा। सरकार ने ई-मित्र संचालकों और राशन डीलर्स को शेष बचे लाभार्थियों को ई-मित्र तक लाकर उनकी सीडिंग कराने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक आधार कार्ड की सीडिंग पर ई-मित्र संचालक और राशन डीलर को एक-एक रुपया मिलेगा। इससे पहले राज्य सरकार ने आधार सीडिंग के लिए सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के मोबाइल एप का इस्तेमाल करने और बीएलओ के माध्यम से सीडिंग करवाने के निर्देश दिए थे। मोबाइल एप में तकनीकी गड़बड़ी और बीएलओ के विरोध पर यह कार्य अब राशन डीलर व ई- मित्र संचालक को दिया गया है।

.........................................

- 4.31 करोड़ एनएफएसए लाभार्थी प्रदेश में
- 3.68 करोड़ लाभार्थियों की हो चुकी सीडिंग
- 27.61 लाख सर्वाधिक लाभार्थी जयपुर जिले के
- 4.18 लाख सबसे कम लाभार्थी जैसलमेर के
- 98 लाख राशन कार्ड हैं प्रदेश में

Published on:
13 Nov 2020 07:07 pm